
धर्मशाला। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज यानी 14 मई को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाना है। इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन मैच से पहले धर्मशाला के आसमान पर मंडराते बादलों ने फैंस की धड़कनें तेज कर दी हैं।
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: इकाना में LSG की साख दांव पर, प्लेऑफ के लिए करना होगा ‘करो या मरो’ जैसा संघर्ष
दोनों खेमों में चिंता बढ़ी
दरअसल, मैच से एक दिन पहले धर्मशाला में बारिश की खबरों ने दोनों ही खेमों की चिंता बढ़ा दी थी और खुद मुंबई व पंजाब की टीमों ने सोशल मीडिया के जरिए बुधवार को बारिश को लेकर अपडेट साझा किए थे। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, क्या आज इंद्रदेव मैच में खलल डालेंगे या फैंस को पूरा मुकाबला देखने को मिलेगा।

धर्मशाला के मौसम को लेकर जो ताजा अपडेट सामने आए हैं, वे फैंस के लिए मिली-जुली राहत लेकर आए हैं। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, शाम को टॉस होने से लगभग एक-दो घंटे पहले बारिश होने की 50 फीसदी तक संभावना जताई गई है। शाम 6 बजे तक करीब 47% बारिश की आशंका बनी हुई है, जो खेल की तैयारियों में थोड़ी बाधा डाल सकती है।
हालांकि, सबसे राहत की बात यह है कि, टॉस के समय यानी शाम 7 बजे से लेकर रात 11 बजे तक बारिश के कोई आसार नहीं बताए गए हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि, मैच के दौरान बारिश के कारण किसी बड़े खलल की उम्मीद बेहद कम है और दर्शकों को पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिल सकता है।
बारिश की भेंट चढ़ चुका है एक मैच
भले ही मैच के दौरान बारिश की संभावना कम हो, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। धर्मशाला की पिच पर ये बादल तेज गेंदबाजों के लिए वरदान साबित हो सकते हैं, क्योंकि ओवरकास्ट कंडीशन में गेंद हवा में स्विंग होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाजों का रोल काफी अहम हो जाएगा।
प्लेऑफ के गणित की बात करें तो यह मुकाबला पंजाब किंग्स के लिए किसी फाइनल से कम नहीं है। मुंबई इंडियंस की टीम पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, इसलिए उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है और वे केवल सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे, लेकिन पंजाब किंग्स के लिए स्थिति बिल्कुल अलग है। पंजाब ने अब तक 11 मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें 6 मैचों में जीत मिली है और 4 में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि उनका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ चुका है। वर्तमान में पंजाब के पास 13 पॉइंट्स हैं और उनका नेट रनरेट +0.428 है।
रद्द हुआ मैच तो एक-एक पॉइंट मिलेंगे दोनों टीमों को
अगर आज का मैच बारिश के कारण रद्द होता है, तो दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिलेगा, जिससे पंजाब के 12 मैचों में 14 पॉइंट्स हो जाएंगे। हालांकि, पंजाब की टीम चाहेगी कि मैच पूरा हो और वे जीत हासिल कर सीधे 2 पॉइंट्स बटोरें। अगर पंजाब अपने बाकी बचे तीनों मैच जीत लेती है, तो वह 18 पॉइंट्स के साथ बहुत ही आसानी से प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित कर लेगी।

दोनों ही टीमों का स्क्वाड काफी संतुलित नजर आ रहा है। मुंबई इंडियंस की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं, जिनके पास रोहित शर्मा, तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का साथ है। वहीं, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। टीम में प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं, जबकि गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि धर्मशाला की वादियों में आज कौन सी टीम बाजी मारती है और क्या मौसम खेल का मजा बरकरार रखता है।
इसे भी पढ़ें- IPL 2026: प्लेऑफ शेड्यूल जारी, धर्मशाला से शुरू होगा नॉकआउट, इस डेट को अहमदाबाद में होगा फाइनल



