नशे की लत ने उजाड़ा परिवार, पत्नी समेत 4 बच्चों को उतारा मौत के घाट, 16 साल पहले की थी लव मैरिज

मुरादाबाद। प्यार, पलायन, नशा और फिर एक ऐसा खौफनाक कत्ल जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। मुरादाबाद के बिलारी स्थित मोहल्ला रजानगर के लिए रविवार की रात कोई सामान्य रात नहीं थी, बल्कि यह वह कयामत की रात थी, जिसने एक पूरे हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।

इसे भी पढ़ें- बारिश और ओलावृष्टि ने यूपी में मचाई तबाही, 24 लोगों की मौत, सीएम बोले- 24 घंटे में दो मुआवजा

एक साथ उठे 5 जनाजे 

गुरुग्राम के वजीरपुर में अपनी पत्नी और चार मासूम बच्चों की गला घोंटकर हत्या करने वाले नाजिम के घर जब पांचों शव पहुंचे, तो न केवल रजानगर बल्कि पूरा मुरादाबाद शहर गम और गुस्से के सैलाब में डूब गया। जिस नाजिम ने 16 साल पहले दुनिया की परवाह किए बिना नाजमा से प्रेम विवाह किया था, उसी नाजिम ने अपनी ही मोहब्बत और उसकी कोख से जन्मे चार मासूमों को मौत की नींद सुला दिया।

Murder Case

जब एंबुलेंस से एक-एक कर नाजमा, इकरा, शिफा, आयान और खदीजा नूर के शव बाहर निकाले गए, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें फटी रह गईं। मां और बच्चों के बेजान चेहरों को देखते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

बिलारी के विधायक फहीम इरफान समेत हजारों की भीड़ इस दुख की घड़ी में शामिल हुई। रात के करीब 11 बजे जब पांचों जनाजे एक साथ उठे, तो मंजर इतना हृदयविदारक था कि पत्थर दिल इंसान भी रो पड़ा। शुमाली स्थित कब्रिस्तान में पांचों को एक साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जबकि हत्या का आरोपी नाजिम अस्पताल के बेड पर अपनी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

आर्थिक तंगी से घिर गया था परिवार 

इस सनसनीखेज वारदात की पटकथा 16 साल पहले दिल्ली के न्यू अशोक नगर में लिखी गई थी। उस वक्त नाजिम वहां एक सैलून में काम करता था। वहीं पास में नाजमा अपने चाचा के साथ रहती थी। नाजमा शादीशुदा थी और उसकी एक बेटी इकरा भी थी, लेकिन नाजिम और नाजमा के बीच ऐसा प्रेम परवान चढ़ा कि दोनों ने समाज और परिवार की दीवारों को तोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली।

नाजिम ने नाजमा की पहली बेटी इकरा को भी अपना नाम दिया और बाद में उनके तीन और बच्चे शिफा, आयान और नन्ही खदीजा नूर हुए। परिवार के लोगों का कहना है कि, शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे नाजिम नशे की गर्त में डूबता चला गया। नशे की इसी लत ने घर में कलह का बीज बो दिया। नाजिम गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में सैलून चलाता था, लेकिन नशे के कारण वह आर्थिक तंगी से घिर गया था।

Murder Case

घटना वाले दिन यानी शनिवार की शाम, वजीरपुर के उस किराये के कमरे में ऐसा क्या हुआ कि, नाजिम हैवान बन गया, इसकी गुत्थी पुलिस सुलझाने में जुटी है। प्राथमिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, नाजिम ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को कोई जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर बारी-बारी से सबका गला घोंट दिया।

आरोपी ने भी की जान देने की कोशिश

वारदात का पता तब चला जब नाजिम का छोटा भाई जीशान रात के वक्त खाना खाने कमरे पर पहुंचा। दरवाजा खोलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सामने बेड पर भाभी नाजमा और चारों बच्चे अचेत पड़े थे, उनके मुंह से झाग निकल रहा था, जबकि नाजिम पास ही लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसने खुद का भी गला और हाथ काटकर जान देने की कोशिश की थी।

इस सामूहिक हत्याकांड ने नाजिम के बूढ़े मां-बाप को कहीं का नहीं छोड़ा है। नाजिम की मां परवीन और पिता नवाबजान का रो-रोकर बुरा हाल है। नवाबजान मूल रूप से रामपुर के रहने वाले थे, लेकिन काम की तलाश में वे बिलारी आ बसे थे। उनके पांचों बेटे सैलून के काम से जुड़े हैं और आर्थिक रूप से ठीक-ठाक स्थिति में थे। मां परवीन को अपने पोते-पोतियों से गहरा लगाव था।

वे अक्सर फोन पर उनसे बात करती थीं और हर ईद या त्यौहार पर उन्हें बिलारी बुलाती थीं। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस बेटे के घर वह खुशियां ढूंढती थीं, वही बेटा एक दिन उनकी दुनिया उजाड़ देगा। पड़ोसियों का कहना है कि नाजिम अक्सर अपनी पत्नी से विवाद करता था, लेकिन वह इस हद तक गिर जाएगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।

पुलिस कस्टडी में नाजिम

गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उपायुक्त करण गोयल के अनुसार, आरोपी नाजिम अभी पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती है। जैसे ही उसे डिस्चार्ज किया जाएगा, उससे सघन पूछताछ की जाएगी ताकि हत्या के पीछे की असल वजह सामने आ सके। क्या यह सिर्फ घरेलू कलह थी या इसके पीछे कोई और बड़ी रंजिश, यह जांच का विषय है।

Murder Case

फिलहाल, बिलारी के रजानगर में सन्नाटा पसरा है। कब्रिस्तान की वो पांच ताजी कब्रें समाज को यह सोचने पर मजबूर कर रही हैं कि नशे और गुस्से की भेंट चढ़ी ये मासूम जानें आखिर किस गुनाह की सजा पा गईं,  जिस मोहब्बत के लिए नाजमा ने अपना पहला घर छोड़ा था, उसी मोहब्बत ने उसे और उसके बच्चों को कफन ओढ़ा दिया। मुरादाबाद का यह हत्याकांड लंबे समय तक लोगों के जहन में एक खौफनाक याद बनकर रहेगा।

 

इसे भी पढ़ें- मणिपुर में दर्दनाक बम धमाका…दो मासूमों की मौत, माँ घायल, मुख्यमंत्री ने जताया कड़ा विरोध

Related Articles

Back to top button