
नई दिल्ली। मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विजेता एल्विश यादव के लिए आज का दिन दोहरी ख़ुशी लेकर आया है। दरअसल, साल 2023 से सांप के जहर के इस्तेमाल के आरोपों में घिरे एल्विश को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने का फैसला सुनाया है, जिससे पिछले ढाई साल से चल रही कानूनी जंग और मानसिक प्रताड़ना का अंत हो गया है। इस फैसले के बाद एल्विश ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर अपनी जीत और अपने परिवार के संघर्ष को फैन्स के साथ शेयर किया।
इसे भी पढ़ें-एल्विश यादव को SC की फटकार, कहा- ‘आप जो मन में आए, वो नहीं कर सकते’ ये है पूरा मामला
2023 में हुई थी विवाद की शुरुआत
विवाद की शुरुआत नवंबर 2023 में हुई थी, जब नोएडा पुलिस ने एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद रेव पार्टियों में सांप के जहर की सप्लाई करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में एल्विश यादव का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था। आरोप था कि वे न केवल इन पार्टियों का हिस्सा थे, बल्कि जहरीले सांपों और उनके जहर का इंतजाम भी करते थे। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 17 मार्च 2024 को एल्विश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन कानूनी तलवार उन पर लटकी हुई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की मेरिट और साक्ष्यों की जांच के बाद एल्विश के खिलाफ दर्ज केस को खारिज कर दिया है। अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हुए एल्विश ने सोशल मीडिया पर राम-राम के साथ अपना वीडियो संदेश शुरू किया। उन्होंने कहा, आज बहुत खुशी का दिन है। नवरात्रि और गुड़ी पड़वा की आप सभी को शुभकामनाएं। आज मेरे लिए यह इंडिपेंडेंस डे जैसा है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने सांप वाला केस पूरी तरह खारिज कर दिया है।
एल्विश ने किया शुक्रिया
एल्विश ने न्यायपालिका के प्रति अपना विश्वास जताते हुए कहा कि, उन्हें हमेशा से यकीन था कि, सच की जीत होगी। उन्होंने कहा, जिसने गलत किया है, उसे सजा मिलेगी, लेकिन जिसने कुछ नहीं किया, वह बच जाएगा। मैं देश की न्याय व्यवस्था का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।
🙏🏻🙏🏻 pic.twitter.com/shcnvOqSkQ
— Elvish Yadav (@ElvishYadav) March 19, 2026
वीडियो में एल्विश काफी भावुक नजर आए और उन्होंने पिछले दो-ढ़ाई सालों में झेली गई मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 17 मार्च 2024 को हुई गिरफ्तारी एक झूठे केस के आधार पर थी। यूट्यूबर ने मीडिया ट्रायल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, मीडिया और न्यूज़ चैनलों ने मेरे खिलाफ लगातार खबरें चलाईं कि एल्विश ने यह किया, वो किया। मैंने और मेरे परिवार ने जो हैरेसमेंट सहा है, भगवान न करे वो किसी और के साथ हो।
पूछा – भरपाई कौन करेगा
एल्विश ने एक बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि, हालांकि वे केस जीत गए हैं, लेकिन उस वक्त की भरपाई कौन करेगा जो उन्होंने और उनके परिवार ने डर और अपमान में काटा? उन्होंने कहा, क्या कोई हमें आकर सॉरी बोलेगा? हमें किसी का सॉरी नहीं चाहिए, बस यह समझ नहीं आता कि उस वक्त और सम्मान की भरपाई क्या है।
कानूनी प्रक्रिया से क्लीन चिट मिलने के बाद एल्विश ने इसे अपना शानदार कमबैक बताया है। उन्होंने अपने कठिन समय में साथ देने वाले प्रशंसकों और परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में अपनों का साथ ही इंसान को टूटने से बचाता है।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद एल्विश यादव अब पूरी तरह से कानूनी बेड़ियों से मुक्त हो गए हैं। नोएडा पुलिस के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से चली आ रही इस जांच में अब मुख्य आरोपी के खिलाफ ही केस खत्म हो गया है। एल्विश के प्रशंसकों के लिए यह जश्न का मौका है, वहीं कानूनी जगत में भी एफआईआर रद्द होने के इस फैसले की चर्चा हो रही है।
इसे भी पढ़ें- एल्विश यादव की बढ़ी मुश्किलें, ED ने धनशोधन मामले में दर्ज किया रिपोर्ट



