UP Weather Update: कल यूपी में होगी झमाझम बारिश, ओलावृष्टि के भी आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यहां एक तरफ तो सूरज की तपिश ने मार्च के महीने में ही लोगों को पसीने छुड़ा दिए हैं, तो वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अब बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी कर राहत और चेतावनी दोनों दी है। राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है और सीजन में पहली बार पारा 40°C के आंकड़े को पार कर गया है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले कुछ घंटों में मौसम करवट लेने वाला है।

इसे भी पढ़ें- UP Weather Report: यूपी में मौसम की दोहरी मार, कहीं परेशान कर रही घनी धुंध, तो कहीं गर्मी दिखा रही तेवर

सूरज दिखा रहा तीखे तेवर

पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड और आसपास के इलाकों में सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले। बांदा 40.2°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, झांसी में पारा 38.3°C और उरई में 37.8°C दर्ज किया गया। तेज धूप के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग खुद को ढककर बाहर निकल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि यही ट्रेंड जारी रहा, तो मार्च के अंत तक पारा 44°C तक पहुंच सकता है।

UP Weather Update

हालांकि, आईएमडी 15 मार्च से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि, कल यानी 15 मार्च को 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में ओले गिरने के आसार हैं, जिससे मौसम में ठंडक आ सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद

मौसम विभाग का कहना है कि, बिहार से मराठवाड़ा के बीच बने लो-प्रेशर एरिया की वजह से पूर्वांचल के जिलों जैसे गोरखपुर और भदोही में सुबह के वक्त घनी धुंध देखी जा रही है। भदोही में तो विजिबिलिटी घटकर महज 20-25 मीटर तक रह गई है। हवा की सतह नीचे होने के कारण उमस भी महसूस की जा रही है, लेकिन 15 मार्च के बाद तराई और पूर्वांचल के इलाकों में इस सीजन की पहली बारिश होने के प्रबल आसार हैं।

मौसम का यह बदलाव फसलों के लिए मिलाजुला असर लेकर आएगा। कृषि वैज्ञानिक कह रहे हैं कि,  हल्की बारिश और ठंडक गेहूं की फसल में दानों के भराव के लिए बहुत लाभकारी साबित होगी, लेकिन नमी और धुंध की वजह से सरसों में माहू कीट का हमला बढ़ सकता है, जो फसल का रस चूसकर उसे बर्बाद कर देता है।

तेजी से बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और ताजे फलों का सेवन करने को कहा गया है ताकि हीटस्ट्रोक से बचा जा सके।

अगले 3 दिनों का पूर्वानुमान 
  • 15 मार्च पश्चिमी और पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश और 50km/h की रफ्तार से हवाएं।
  • 16 मार्च आसमान में बादल छाए रहेंगे, कई जिलों में ओले गिरने की संभावना।
  • 17 मार्च मौसम साफ होना शुरू होगा, सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है।
     

इसे भी पढ़ें- मौसम ने लिया चौंकाने वाला यू-टर्न, मार्च में घना कोहरा देख लोग हैरान

Related Articles

Back to top button