बहराइच में पारिवारिक कलह का खूनी अंजाम, माता-पिता समेत 4 की हत्या, दो घायल

बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रविवार रात करीब 1:30 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी मच गई। दरअसल, यहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया और बेटे ने माता-पिता समेत चार लोगों की हत्या कर दी।

इसे भी पढ़ें- राजा भैया का पत्नी से पारिवारिक विवाद पहुंचा कोर्ट, कल दिल्ली के इस कोर्ट में सुनवाई

गांव में पुलिस बल तैनात

जानकरी के मुताबिक, संपत्ति बंटवारे को लेकर शुरू हुई छोटी-मोटी कहासुनी इतनी भयावह हो गई कि घर के छोटे बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला करके माता-पिता, दादी और बहन को मौत के घाट उतार दिया। बीच बचाव करने आए बड़े भाई पर भी उसने हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। इस घटना में हमलावर भी घायल हो गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैला गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

कुल्हाड़ी

घटना रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रूदल (मजरा रामनगर) गांव की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी निरंकार वर्मा (30) ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पहले दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) और बहन पार्वती (35) पर बेरहमी से हमला किया। हमले इतने भीषण थे कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर मौजूद बड़े भाई गुरुदेव (40) अंदर दौड़े, लेकिन निरंकार ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया।

हमलावर भी घायल, हालात नाजुक

गुरुदेव ने संघर्ष किया, जिस दौरान निरंकार ने कुल्हाड़ी छोड़ दी और पास पड़ी ईंट से खुद के सिर पर प्रहार किया, जिससे वह भी घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर रात में ही चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला और 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दादी शीतला देवी, पिता बदलूराम, मां संजू देवी और बहन पार्वती को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गुरुदेव और निरंकार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। भोर होते ही थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।

एसपी ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घर के अंदर खून के छींटे, टूटी-फूटी वस्तुएं और संघर्ष के निशान मिले। प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद की गई है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवानों को गांव में तैनात किया गया है, ताकि कोई अफरा-तफरी न फैले।

चार साल से परिवार में था तनाव

ग्रामीणों के अनुसार, परिवार में पिछले 4 साल से संपत्ति को लेकर तनाव था। निरंकार अक्सर पिता पर आरोप लगाता था कि उन्होंने जमीन बेचकर पैसे छिपाए हैं या बंटवारा ठीक नहीं किया। इसी कलह के चलते 4 साल पहले निरंकार की पत्नी घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उसका व्यवहार और आक्रामक हो गया। वह बात-बात पर परिजनों को पीटता था।

गुरुदेव ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि रात 1 बजे के आसपास निरंकार ने फिर संपत्ति के मुद्दे पर पिता पर अनर्गल आरोप लगाने शुरू किए। कहासुनी बढ़ी तो निरंकार ने घर के कोने में रखी कुल्हाड़ी उठाई और एक-एक कर सभी पर हमला कर दिया। हमले लगभग 30 मिनट तक चले। गुरुदेव ने बताया कि वह घर के बाहर थे। चीखें सुनकर अंदर जा रहे थे तभी निरंकार से सामना हो गया।

कुल्हाड़ी

निरंकार ने उन पर कुल्हाड़ी से वार किया, लेकिन गुरुदेव ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान दोनों में बीच भीषण संघर्ष हुआ, जिसमें कुल्हाड़ी छूट गई। इसके बाद निरंकार ने ईंट उठाकर खुद के सिर पर मारना शुरू किया, जिससे वह भी घायल हो गया। गुरुदेव फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में भर्ती हैं, जबकि निरंकार को लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने से पूछताछ में देरी हो रही है।

गांव में सन्नाटा

एक साथ एक ही परिवार एक चार सदस्यों की हत्या से इलाके में दहशत फ़ैल गई है और सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई लोग कह रहे हैं कि संपत्ति विवाद छोटे-छोटे झगड़ों से शुरू होकर कभी-कभी ऐसी भयावह स्थिति पैदा कर देते हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पर भरोसा करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण का पता चल पायेगा फिलहाल गांव में शोक की लहर है। इस हत्या के बाद अब परिवार में एकमात्र सदस्य बचा है गुरुदेव जो सभी घायल हैं और अस्पताल भर्ती हैं।

 

इसे भी पढ़ें- खग्रास चंद्रग्रहण 2026: 3 मार्च को लगेगा खग्रास चंद्रग्रहण, सभी 12 राशियों पर डालेगा शुभ-अशुभ प्रभाव

Related Articles

Back to top button