लखनऊ। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों एक नई और मर्मस्पर्शी कहानी को लेकर जबरदस्त चर्चा है। अभिनेता प्रेम सिंह और अभिनेत्री रक्षा गुप्ता की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्वर्ग से सुंदर’ की शूटिंग उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 4 फरवरी से पूरे जोरो-शोरों के साथ शुरू हो गई है। यह फिल्म एक ऐसी पारिवारिक और भावनात्मक पटकथा पर आधारित है, जिसे लेकर मेकर्स का दावा है कि यह दर्शकों के दिलों को गहराई से छू लेगी। फिल्म के सेट से सामने आई शुरुआती तस्वीरों ने पहले ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, जिसमें पूरी टीम उत्साह के साथ काम करती नजर आ रही है।
फिल्म ‘स्वर्ग से सुंदर’ के निर्माण और निर्देशन की कमान विजय यादव संभाल रहे हैं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को एक बड़े कैनवास पर उतारने की योजना बनाई है। फिल्म की कहानी प्रसिद्ध लेखक अरविंद तिवारी ने लिखी है, जो अपनी संजीदा लेखनी के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की पूरी टीम इस समय शूटिंग में व्यस्त है और कलाकारों के बीच की बॉन्डिंग यह संकेत दे रही है कि पर्दे पर एक मजबूत केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। फिल्म से जुड़े सूत्रों का मानना है कि यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं होगी, बल्कि समाज और परिवारों को एक सकारात्मक संदेश देने का काम भी करेगी।
स्टार कास्ट की बात करें तो प्रेम सिंह और रक्षा गुप्ता की मुख्य जोड़ी के अलावा फिल्म में अनिता रावत, रजनीश झा जी, मनोज द्विवेदी, भानु पांडे, चाहत राज, पूर्वी और लकीम अंसारी जैसे मंझे हुए कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। सभी कलाकार अपने-अपने किरदारों को जीवंत बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। निर्देशक विजय यादव का मानना है कि मजबूत निर्देशन, भावनात्मक कहानी और बेहतरीन संगीत के तालमेल से ‘स्वर्ग से सुंदर’ भोजपुरी सिनेमा में एक नया मील का पत्थर साबित होगी। फिल्म की शूटिंग जिस गति से चल रही है, उसे देखते हुए दर्शक इसके ट्रेलर और रिलीज को लेकर अभी से उत्सुक हैं।
नायक प्रेम सिंह न केवल अपनी सशक्त एक्टिंग बल्कि अपनी सुरीली आवाज के लिए भी भोजपुरी जगत में एक खास मुकाम रखते हैं। बतौर गायक और नायक उन्होंने ‘मेरा पति मेरा देवता है’, ‘अजनबी’, ‘पंगेबाज’ और ‘हमरे भौजी की बहनिया’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में और गाने दिए हैं। वहीं, रक्षा गुप्ता भी वर्तमान में भोजपुरी की सबसे डिमांडिंग अभिनेत्रियों में से एक हैं। ‘कमांडो अर्जुन’, ‘राऊडी इंस्पेक्टर’, ‘शंखनाद’ और ‘डोली सजा के रखना’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुकी रक्षा इस फिल्म में एक बेहद चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक किरदार निभा रही हैं। इन दोनों सितारों का साथ आना फिल्म की सफलता की संभावनाओं को और प्रबल बना देता है।



