केडी सिंह बाबू स्टेडियम: योग केंद्र की सालगिरह पर विशेष कार्यशाला आयोजित

मुख्य अतिथि के तौर पर खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह और सम्मानित अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ.आनन्देश्वर पाण्डेय ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

लखनऊ । उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के अंतर्गत जिला खेल प्रोत्साहन समिति एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय द्वारा संचालित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में संचालित योग केंद्र के एक साल पूरे होने पर योगासन और ध्यान पर आधारित विशेष कार्यशाला एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योग केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, विश्व रिकॉर्ड होल्डर और समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों के शारीरिक, मानसिक और समग्र विकास में योग की भूमिका को रेखांकित करना रहा।

इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह और सम्मानित अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ.आनन्देश्वर पाण्डेय ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। वहीं लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा और विश्व रिकॉर्ड होल्डर रोमा हेमवानी भी विशेष रुप से मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि डॉ.आरपी सिंह ने कहा कि प्रत्येक खेल के खिलाड़ी के लिए नियमित योग अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योग को जन-जन तक पहुंचाने और खिलाड़ियों को इसके लिए प्रेरित करने पर विशेष बल देते हैं।
सम्मानित अतिथि डॉ.आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में योगासन स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने तीन पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन भविष्य में भी खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा।

योग केंद्र की मुख्य कोच डॉ. मालविका वाजपेई ने सभी उपस्थित खिलाड़ियों और सदस्यों को विशेष योग सत्र में टिप्स देने के साथ ध्यान की बारीकियों से भी अवगत कराया और कहा कि कि नियमित योग अभ्यास खिलाड़ियों की सहनशक्ति, एकाग्रता और प्रदर्शन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है।इस अवसर पर योगासन की अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी आरना ओम सिंह को विशेष रुप से सम्मानित किया गया। अंत में पारंपरिक रूप से वार्षिकोत्सव मनाते हुए आयोजन का समापन किया गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button