
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पुलिस के इकबाल को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी बिना नंबर की थार गाड़ी से पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को सरेआम रौंद दिया। गोमती नगर विस्तार के पॉश इलाके जी-20 रोड पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक किस कदर बेखौफ है कि उसने न केवल रास्ते में अवरोध के लिए रखी गई सरकारी बैरिकेडिंग को अपनी गाड़ी से टक्कर मारकर गिराया, बल्कि इसके बाद सड़क पर गाड़ी से बाहर लटककर रील भी बनाई। युवक की इस दबंगई ने राजधानी की हाई-टेक पुलिसिंग और सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि युवक ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए रील में एक ऐसा गाना भी बैकग्राउंड में बजाया, जो उसकी दबंगई और कानून के प्रति बेखौफी को उजागर कर रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक काफी देर तक सड़क के बीचों-बीच तमाशा करता रहा और पुलिस के अवरोधकों को हटाकर अपना रास्ता बनाता रहा। इस दौरान उसने रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट भी किए, लेकिन ताज्जुब की बात यह रही कि वहां मौजूद या तैनात किसी भी पुलिसकर्मी की नजर उस पर नहीं पड़ी। कानून की धज्जियां उड़ाने वाला यह पूरा घटनाक्रम सरेराह चलता रहा और युवक बिना किसी डर के अपनी रील पूरी कर वहां से निकल गया।
सुरक्षा के लिहाज से यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है क्योंकि यह सड़क सिग्नेचर बिल्डिंग यानी डीजीपी मुख्यालय की ओर जाती है। इस मार्ग से उत्तर प्रदेश पुलिस के तमाम बड़े अधिकारी और सैकड़ों पुलिसकर्मी दिन-रात गुजरते हैं। इसके बावजूद, जी-20 रोड पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों का इस दबंग युवक पर नजर न पड़ना पुलिस की सतर्कता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस का पहरा रहता है, फिर भी एक युवक बिना नंबर की गाड़ी लेकर आता है, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है और रील बनाकर पुलिस प्रशासन का मजाक उड़ाता हुआ चला जाता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आम जनता और नेटिजन्स इस वीडियो को शेयर कर लखनऊ पुलिस की कार्यप्रणाली पर तंज कस रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब डीजीपी मुख्यालय के ठीक नाक के नीचे इस तरह की दबंगई हो सकती है, तो शहर के बाकी हिस्सों में सुरक्षा का क्या हाल होगा। फिलहाल, पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। बिना नंबर की थार गाड़ी होने के कारण आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए एक चुनौती बना हुआ है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही युवक को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



