आधी रात को योगी सरकार का बड़ा एक्शन, यूपी में हुए 40 IAS अफसरों के तबादले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी में रविवार देर रात एक बड़ा और व्यापक फेरबदल देखने को मिला है। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने और जिलों में कामकाज को नई गति देने के उद्देश्य से 40 आईएएस अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, तो कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को नई और अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन द्वारा जारी इस सूची के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर फील्ड तक की व्यवस्था में बदलाव की झलक साफ देखी जा सकती है।

इसे भी पढ़ें- यूपी में अपराधियों पर कसेगा फॉरेंसिक शिकंजा, योगी सरकार तैयार कर रही 500 क्राइम सीन एक्सपर्ट

तबादलों के इस क्रम में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव जिलों के कप्तानों यानी जिलाधिकारियों के स्तर पर हुआ है। उन्नाव के जिलाधिकारी गौरांग राठी को अब झांसी की कमान सौंपी गई है, जबकि ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव रहे इंद्रजीत सिंह सुल्तानपुर के नए जिलाधिकारी होंगे। सुल्तानपुर के वर्तमान डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर भेजा गया है और नियुक्ति विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती का नया डीएम बनाया गया है।

सहारनपुर भेजे गए शामली के डीएम

इसी तरह झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आलोक यादव को शामली और शामली के डीएम अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर की जिम्मेदारी दी गई है। हापुड़ पिलखुआ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नितिन गौड़ अब अमरोहा के जिलाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।

प्रशासनिक फेरबदल की इस सूची में हमीरपुर, रायबरेली, फतेहपुर और लखीमपुर खीरी जैसे जिले भी शामिल हैं। विशेष सचिव खाद्य एवं रसद अभिषेक गोयल को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि निदेशक बाल विकास एवं पुष्टाहार सरनीत कौर ब्रोका अब रायबरेली की कमान संभालेंगी।

अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर भेजा गया है और हमीरपुर के डीएम घनश्याम मीणा अब उन्नाव के नए जिलाधिकारी होंगे। इसी प्रकार मैनपुरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी और औरैया के डीएम डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

सीएम के विशेष सचिव बने डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का डीएम बनाया गया है, जबकि सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को वापस लखनऊ बुलाकर मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। पॉवर कॉर्पोरेशन और परिवहन विभाग में भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां हुई हैं।

दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार को अब उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि बुलंदशहर की डीएम श्रुति अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा की प्रबंध निदेशक होंगी। लंबे समय से प्रतीक्षा सूची में चल रहे आईएएस आशुतोष निरंजन को परिवहन आयुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जबकि पूर्व परिवहन आयुक्त किंजल सिंह अब माध्यमिक शिक्षा विभाग में सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।

मंडल स्तर की बात करें, तो लखीमपुर की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को पदोन्नत कर देवीपाटन मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं देवीपाटन के निवर्तमान कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील को प्रमुख सचिव एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन बनाया गया है। इसके साथ ही आलोक कुमार द्वितीय को एमएसएमई विभाग के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। फतेहपुर के जिलाधिकारी रविंदर सिंह को ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव और यूपीनेडा का निदेशक बनाया गया है, जबकि झांसी के डीएम मृदुल चौधरी अब पर्यटन विभाग के निदेशक होंगे।

युवा आईएएस अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

युवा आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। श्रावस्ती के डीएम अश्वनी कुमार पांडे को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और रायबरेली की डीएम हर्षिता माथुर को निदेशक बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है। कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) और संयुक्त मजिस्ट्रेटों को भी नई तैनाती मिली है।

इसमें जुनैद अहमद को कानपुर नगर का अपर श्रमायुक्त, हिमांशु गौतम को झांसी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और मुकेश चंद्र को हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही श्रुति शर्मा को हापुड़, गामिनी सिंगला को बदायूं, सुनील कुमार धनवंता को बहराइच, पूजा साहू को अमेठी और रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड को झांसी का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

इसे भी पढ़ें- योगी सरकार का फॉरेंसिक पुलिसिंग पर बड़ा दांव, 500 क्राइम सीन एक्सपर्ट्स बदलेंगे जांच का तरीका

Related Articles

Back to top button