मोदी के 25 वर्ष: फ्रैजाइल-5 से टॉप-5 में पहुंचा भारत, योगी बोले- ‘विकसित भारत के संकल्प को करना है पूरा’

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन गांव से ग्लोबल और जनसेवा से राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी ये यात्रा देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में परिवर्तन की यात्रा है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कही।

इसे भी पढ़ें- भारत-जापान मैत्री से काशी-क्योटो तक खुल रही साझी समृद्धि की राह: सीएम योगी

भारत को मिली वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा, गुजरात के एक छोटे से गांव से निकले एक सामान्य कार्यकर्ता ने वैश्विक स्तर पर भारत को नई पहचान दी है और अब 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए इस यात्रा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। योगी ने कहा कि, सात अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी।

CM YOGI

वह एक ऐसा वक्त था, जब गुजरात भीषण आपदा से जूझ रहा था। समाज व राष्ट्र विरोधी तत्व राज्य में अव्यवस्था पैदा करने की फ़िराक में लगे रहते थे। इन परिस्थितियों में उन्होंने गुजरात की कमान संभाली और उसे मॉडल स्टेट के रूप में देश-दुनिया के सामने पेश किया। प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों में भारत को समर्थ और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि, नरेंद्र मोदी ने जब गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उस समय लखनऊ के सांसद अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। आज नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

25 वर्षों की यात्रा सुरक्षा की गारंटी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह 25 वर्षों की यात्रा हर बहन को सुरक्षा की गारंटी देने, अन्नदाता किसान के जीवन में खुशहाली लाने और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं मजबूत करने की यात्रा है। 12 वर्ष पहले भारत की गिनती फ्रैजाइल-5 में होती थी और आज भारत देश टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। कभी देश में कुछ हजार स्टार्टअप थे, आज इनकी संख्या ढाई लाख से अधिक है। मिशन रोजगार के तहत युवाओं के लिए नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

 दुनियाभर में पहुंच रहा डिफेंस उत्पाद दुनिया

सीएम योगी ने कहा, एक समय था जब भारत एक चिप के लिए दुनिया पर निर्भर था। आज देश में सेमीकंडक्टर के 12 से अधिक बड़े उद्योग या तो संचालित हो रहे हैं या फिर उनमें भारी निवेश हो रहा है। चिप निर्यात की दिशा में भी भारत आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी देश अब हजारों करोड़ रुपये के डिफेंस उत्पाद दुनिया के देशों तक पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि एम्स की संख्या छह से बढ़कर 23 तक पहुंची है। आईआईटी, आईआईएम और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी अवसर बढ़े हैं।

कनेक्टिविटी भी हुई बेहतर

कार्यक्रम को संबोधित करते के दौरान मुख्यमंत्री ने रेलवे के विद्युतीकरण, ब्रॉड गेज और ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत के रूप में रेलवे विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। एयरपोर्ट की संख्या में भी इजाफा हुआ है। हाईवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क तैयार हुआ है। यूपी में इनलैंड वॉटरवे की सुविधा भी मिली है।

बदल रही यूपी की पहचान

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में कभी ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ सत्ता के समानांतर अराजकता पैदा करता था। अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ प्रदेश की पहचान हैं। हुनरमंद कारीगर और हस्तशिल्पी को उद्यमी बनाने का काम हो रहा है।

डिजिटल इंडिया और जनधन खातों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि, इन योजनाओं का कभी मजाक उड़ाया गया था। मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस और इंडी गठबंधन की बेईमानी पर प्रहार बताया। कहा कि, आज डीबीटी के जरिए दिल्ली और लखनऊ से भेजा गया पैसा सीधे गरीब, महिला, किसान, युवा और श्रमिक के खाते में पहुंच रहा है। उन्होंने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन का भी उल्लेख किया।

फिर होगी 80-20 की लड़ाई

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन के आखिर में उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव को विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए कल उत्तर प्रदेश के राज्यसभा के चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा का चुनाव परिणाम क्या होगा। यह लड़ाई एक बार फिर से 80-20 पर आ गई है। 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में।

 विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति लेकर जाएंगे कार्यकर्ता

योगी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा ज्योति को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक लें जाएं। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्षों की यात्रा को जनता के बीच पहुंचाने के साथ विकसित भारत के संकल्प से लोगों को जोड़ना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर इस अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

 ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी का किया अवलोकन

संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यों पर आधारित ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को दर्शाया गया। मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति की स्थापना भी की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मेधा कुलकर्णी, सांसद संजय सेठ व बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, डॉ. महेंद्र सिंह, पंकज सिंह समेत जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- लखनऊ को बनाएंगे डीप टेक हब, एचसीएल के स्थापना दिवस समारोह में बोले सीएम योगी

Related Articles

Back to top button