बीते साल 2025 में ‘सैयारा’, ‘धुरंधर’ और ‘कांतारा चैप्टर 1’ जैसी फिल्मों की शानदार सफलता के बाद, साल 2026 भारतीय सिनेमा के लिए और भी बड़ा और रोमांचक होने वाला है। इस साल एसएस राजामौली, करण जौहर और संदीप रेड्डी वांगा जैसे दिग्गज फिल्म मेकर्स बड़े बजट के एक्शन और ड्रामा प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस 10 अप्रैल को विवेक सोनी द्वारा निर्देशित अनन्या पांडे और लक्ष्य की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ रिलीज करेगी। इसके अलावा, करण जौहर खुद अपने बहुप्रतीक्षित फैमिली ड्रामा ‘कभी खुशी कभी गम 2’ के साथ निर्देशन में वापसी कर रहे हैं, जो इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है।

सुपरनैचुरल और एक्शन जॉनर में भी इस साल कई अनोखे प्रयोग देखने को मिलेंगे। निर्देशक मृगदीप सिंह लांबा की फिल्म ‘नागजिला’ 14 अगस्त को रिलीज होगी, जिसमें कार्तिक आर्यन पहली बार एक इच्छाधारी सांप की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, आदित्य धर पिछले साल की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ का सीक्वल ‘धुरंधर 2’ लेकर आ रहे हैं, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में होंगे और यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज एसएस राजामौली भी महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म ‘वाराणसी’ लेकर आ रहे हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।
महाकाव्य कहानियों और भारी-भरकम स्टारकास्ट के लिहाज से नितेश तिवारी की पैन-इंडिया फिल्म ‘रामायण’ सबसे प्रमुख है, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे सितारे नजर आएंगे। साथ ही, सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख खान की एक्शन फिल्म ‘किंग’ और संदीप रेड्डी वांगा की प्रभास स्टारर ‘स्पिरिट’ भी इसी साल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। ‘स्पिरिट’ के बाद वांगा रणबीर कपूर के साथ ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू करेंगे, जो सिनेमा प्रेमियों के बीच पहले से ही कौतुहल का विषय बना हुआ है।



