ग्राम प्रहरियों को योगी सरकार की सौगात, 2500 से 3500 होगा मानदेय

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वे 13 अक्टूबर, मंगलवार को बरेली में इनका मानदेय एक हजार रुपये प्रतिमाह बढ़ाने की घोषणा करेंगे। इससे ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़कर 3500 रुपये हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें- ‘छांगुर जैसों को नहीं पनपने देंगे, डेमोग्राफी बदलने की छूट नहीं’, बलरामपुर में गरजे सीएम योगी

बरेली में सम्मानित होंगे ग्राम प्रहरी

एकमुश्त 40 प्रतिशत की इस वृद्धि से हर ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। मुख्यमंत्री बरेली पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी करेंगे। हाल के महीनों में रसोइयों, आंगनबाड़ी कर्मियों और पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाने के बाद अब सरकार ग्रामीण पुलिस व्यवस्था से जुड़े ग्राम प्रहरियों को भी आर्थिक राहत देने जा रही है।

पुलिस के सूचना तंत्र की अहम कड़ी हैं ग्राम प्रहरी

गृह विभाग से जुड़े ग्राम प्रहरी गांवों में पुलिस के सूचना तंत्र की अहम कड़ी हैं। स्थानीय थानों से संबद्ध ये प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवादों और कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाते हैं, ताकि कोई भी अप्रिय घटना घटने से पहले से रोक दी जाये। गांवों और थानों के बीच संपर्क बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरी लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

Village guard

अब सीएम की इस प्रस्तावित घोषणा से प्रदेश के लगभग 60 हजार ग्राम प्रहरी की उम्मीदों को बल मिल गया है। इस मानदेय बढ़ोतरी से सरकारी राजस्व पर करीब सात करोड़ और सालाना 84 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। इसके लिए अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किए जाने की संभावना है।

पेंशन में भी होगी वृद्धि

मानदेय में वृद्धि के साथ ही सरकार सामाजिक पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी राहत देने की योजना बना रही है। जैसे कि, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन की राशि 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने के प्रस्ताव पर तेजी से काम हो रहा है।

सभावना है कि, नवंबर के दूसरे पखवाड़े में होने वाली कैबिनेट की बैठक में इससे जुड़ा प्रस्ताव पेश किया जायेगा। प्रदेश में 67 लाख से अधिक बुजुर्ग, 42 लाख से अधिक निराश्रित महिलाएं और 12 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के लाभार्थी हैं। प्रस्ताव  पास होने के बाद प्रत्येक लाभार्थी को सालाना छह हजार रुपये अतिरिक्त पेंशन मिलने लगेगी।

विभिन्न वर्गों का बढ़ चुका है मानदेय

बता दें कि, योगी सरकार ने हाल के महीनों में मानदेय पर कार्यरत विभिन्न वर्गों की आय बढ़ाने के निर्णय लिए हैं। परिषदीय विद्यालयों में दोपहर का भोजन बनाने वाली करीब 3.53 लाख रसोइयों का मानदेय 2000 से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में चार हजार और सहायिकाओं के मानदेय में दो हजार रुपये प्रतिमाह का इजाफा किया गया है।

इसी तरह 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों का मानदेय 6000 से बढ़ाकर 9000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता भी 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया गया है और अब ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा होने जा रही है।

 

इसे भी पढ़ें- धान खरीद में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी योगी सरकार, 65 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय

Related Articles

Back to top button