
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध के कारण उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए 140 करोड़ देशवासियों से एकजुट होने का आह्वान किया है। रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से विशेष रूप से सतर्क रहने और युद्ध से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाहों के झांसे में न आने की अपील की। प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों में रह रहे लगभग एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन देशों की सरकारों के प्रति आभार व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि पड़ोस में एक महीने से जारी यह संघर्ष निस्संदेह एक चुनौतीपूर्ण समय है, जिससे पार पाने के लिए राष्ट्रीय एकजुटता अनिवार्य है।पश्चिम एशिया में यह तनाव बीते 28 फरवरी को उस समय चरम पर पहुँच गया था, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर सैन्य हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए समुद्री मार्गों को बाधित कर दिया है। विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य, जहाँ से दुनिया की 20 प्रतिशत ऊर्जा की आपूर्ति होती है, वहां नौवहन बाधित होने से वैश्विक संकट गहरा गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी लगातार वैश्विक नेताओं के संपर्क में हैं। उन्होंने सऊदी अरब, यूएई, ईरान और इजराइल सहित कई देशों के प्रमुखों से चर्चा की है। हाल ही में 24 मार्च को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई टेलीफोनिक बातचीत में भी पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर सार्थक विचारों का आदान-प्रदान किया, ताकि क्षेत्र में शांति और भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



