
प्रयागराज/ लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की विज्ञापन संख्या 51 सहायक आचार्य की लिखित परीक्षा 18 व 19 अप्रैल, 2026 को 04 पालियों में सम्पन्न होगी।
आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशान्त कुमार, पूर्व आईपीएस (सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक, उप्र) द्वारा सभी 06 जनपदों आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी एवं गोरखपुर के कुल 53 परीक्षा केन्द्रों पर तैयारी की गहन समीक्षा की गयी जिसमें पाया गया कि सभी जनपदों के परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। प्रशिक्षण आदि किये जा चुके हैं। परीक्षा केन्द्रों के सभी कक्षों को एवं सभी महत्वपूर्ण हिस्सों को सी०सी०टी०वी० से आच्छादित कर जनपद के कंट्रोल रूम तथा आयोग के कमाण्ड एण्ड कंट्रोल रूम से जोड़ा जा चुका है। आयोग के कंट्रोल रूम से सभी केन्द्रों की कनेक्टिविटी का परीक्षण कर लिया गया है।
आयोग की ओर से इस परीक्षा के सघन अनुश्रवण की व्यवस्था की गयी है। आयोग स्तर से प्रत्येक जनपद के लिये एक-एक सदस्य को प्रेक्षक नामित कर जनपदों में भेजा गया है जिनके द्वारा आज ही अपने आवंटित जनपद में पहुँच कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली गयी। इसमें जनपद गोरखपुर में डा.कृष्ण चन्द्र वर्मा, प्रयागराज में डा. हरेन्द्र कुमार राय, वाराणसी में विमल कुमार विश्वकर्मा, आगरा में कीर्ति गौतम, मेरठ में प्रो. राधाकृष्ण एवं लखनऊ में योगेन्द्र नाथ सिंह प्रेक्षक नामित किये गये हैं।
शासन के निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों के आप-पास निषेधाज्ञा लागू रहेगी। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण तथा उनकी निगरानी टीमों के द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर लगातार भ्रमण किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त फोर्स की तैनाती की जा रही है। संदिग्ध व असामाजिक तत्वों पर सख्ती से नजर रखने के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। नकल कराये जाने अथवा परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने वालों के विरूद्ध कानूनी प्राविधानों के अन्तर्गत कठोरतम कार्यवाही की जायेगी। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के द्वारा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाइस मोबाईल फोन आदि का प्रयोग कठोरता से प्रतिबंधित होगा।
आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार द्वारा सभी परीक्षार्थियों से अपील की गयी है कि वे समय से परीक्षा केन्द्रों पर पहुँचे तथा प्रवेश पत्र में मुद्रित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें। शासन के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उनके हित में सुनिश्चित की गयी हैं। अभ्यर्थी किसी अफवाह अथवा बहकावे में न आयें, आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in एवं ‘X’ हैण्डल @upesscprayagraj पर सूचनाओं के संबंध में पुष्टि कर लें। आयोग इस परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष तथा शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए कृत संकल्पित है। अध्यक्ष जी के द्वारा सभी परीक्षार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त की गयीं।



