
अमरोहा। उत्तर प्रदेश का अमरोहा जिला एक बार फिर उन काली यादों से सिहर उठा है, जिसने सालों पहले प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। अब एक बार फिर से जिले का बहुचर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड’ यहां दोहराया गया है। दरअसल, यहां के देहात क्षेत्र से ऐसी घटना सामने आई है, जिसने शबनम कांड की याद दिला दी। इस बार भी एक एक कलयुगी बेटी ने अपने प्यार की खातिर मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं और जिस घर में 5 अप्रैल को शहनाइयां गूंजनी थी और बेटी की बरात का स्वागत होना था, आज उसी घर में सन्नाटा, चीखें और दहशत पसरी हुई है।
इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव, अमरोहा की एक ही थाप है-कमल छाप : प्रधानमंत्री मोदी
जेवर और नगदी भी ले गई साथ
जानकारी के मुताबिक, बेटी ने प्रेमी के साथ फरार होने के लिए अपने ही माता-पिता और भाई-बहनों के खाने में नशीला पदार्थ मिला कर दे दिया, जब पूरा परिवार बेहोश हो गया, तो वह घर में रखे जेवर और नकदी समेटकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। इस घटना ने बावनखेड़ी कांड की उस भयावह रात की याद ताजा कर दी है, जब शबनम ने अपने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर अपने ही परिवार के सात सदस्यों को कुल्हाड़ी से काट डाला था। हालांकि, इस मामले में गनीमत यह रही कि, किसी की जान नहीं गई, लेकिन भरोसे की जो हत्या हुई है, उसने पूरे उत्तर प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक मध्यमवर्गीय किसान के घर में पिछले कई हफ्तों से उत्सव जैसा माहौल बना हुआ था। किसान ने अपनी लाडली बेटी का निकाह बड़े ही अरमानों के साथ तय किया था और 5 अप्रैल को बरात आनी थी, जिसके लिए घर में मेहमानों का आना-जाना और मिठाइयों की तैयारी जोरों पर चल रही थी। इसी बीच 29 मार्च की रात करीब 8 बजे, जब घर की महिलाएं रसोई में रात के खाने की तैयारी कर रही थीं, तभी गांव का ही एक युवक रिजवान अपने दोस्त जुनैद के साथ वहां पहुंचा और बेटी के साथ मिलकर ये कांड कर दिया।
खाने में मिलाया नशीला पदार्थ
प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आये हैं, उसके मुताबिक, रिजवान और किसान की बेटी के बीच काफी समय से गुप्त प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी भनक परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं थी। योजना के मुताबिक, रिजवान ने युवती को नशीला पदार्थ दिया, जिसे युवती ने चुपचाप रसोई में जाकर पक रहे भोजन में मिला दिया।
रात का वह जहरीला खाना खाने के कुछ ही देर बाद किसान, उसकी पत्नी और अन्य बच्चे अचानक अचेत होने लगे और देखते ही देखते घर के सभी सदस्य फर्श पर बेसुध होकर गिर पड़े। जब युवती को पूरी तरह यकीन हो गया कि, अब घर में उसे रोकने वाला कोई भी जीवित जैसा नहीं बचा है, तो उसने घर की अलमारियों में रखी जीवन भर की जमापूंजी, गहने और नकदी पर हाथ साफ किया और अपने प्रेमी रिजवान व उसके दोस्त जुनैद के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गई।
अगली सुबह जब काफी देर तक किसान के घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला और आंगन में बंधे मवेशियों की भूख से बिलबिलाने की आवाजें आने लगीं, तो पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने जब खिड़की से झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि घर के अंदर सभी सदस्य बेसुध पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। शोर मचने पर भारी भीड़ जमा हो गई और आनन-फानन में सभी अचेत सदस्यों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
मौके पर पहुंचा पुलिस बल
उपचार के बाद जब किसान को होश आया, तो उसने अपने की पुकारा, लेकिन वह वहां नहीं थी। इसके बाद जब उसे पता चला कि, उसकी लाडली घर से सारा कीमती सामान लेकर फरार हो गई है, तो वह अस्पताल में ही फूट-फूट कर रोने लगा, जिस घर से महज कुछ दिनों बाद डोली उठनी थी, उस परिवार के लोग अब पुलिस थानों और कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरोहा के सीओ अवधभान भदोरिया भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से खाने के नमूने एकत्र किए ताकि जहर की प्रकृति का पता लगाया जा सके। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी रिजवान और उसके सहयोगी जुनैद के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पूरे अमरोहा जिले में इस घटना की तुलना ‘शबनम कांड’ से की जा रही है क्योंकि साजिश का तरीका लगभग एक जैसा ही था।
2008 में हुआ था शबनम कांड
गौरतलब है कि, साल 2008 में बावनखेड़ी में भी शबनम ने अपने परिवार के सदस्यों को पहले नशीली दवा पिलाई थी और फिर उनकी निर्मम हत्या कर दी थी। हालांकि, देहात क्षेत्र की इस घटना में किसी की मृत्यु नहीं हुई, लेकिन ग्रामीण इस बात से डरे हुए हैं कि, अगर नशीले पदार्थ की मात्रा थोड़ी और अधिक होती, तो आज इस किसान के घर से भी कई जनाजे एक साथ उठते।
सीओ अवधभान भदोरिया ने मीडिया को आश्वस्त किया है कि, पुलिस की तीन विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उनके मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और युवती को बरामद कर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके। फिलहाल गांव में तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि कैसे एक सिरफिरा प्यार हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल सकता है।
इसे भी पढ़ें- भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष जावेद मलिक ने अमरोहा में दिलाई सैंकड़ो लोगो को भाजपा की सदस्यता



