राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक से पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष ने किया इनकार, सिक्योरिटी रिंग तोड़कर करीब पहुंच गया था शख्स

पंजाब के होशियापुर में “भारत जोड़ो यात्रा” के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक से कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने इनकार किया है। इससे पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक शख्स राहुल की तरफ भागकर गले लगाते हुए नजर आ रहा है। इस पर अमरिंदर ने कहा कि उन लोगों को राहुल गांधी ने ही मिलने के लिए बुलाया था और सुरक्षा में चूक जैसी कोई बात नहीं है।

अचानक दौड़कर आया शख्स और लगा गले

इससे पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसे लेकर कहा जा रहा था कि राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक हुई है। इस वीडियो में देखा गया कि एक शख्स उनकी तरफ दौड़ा और उन्हें गले लगा लिया। इसके बाद, सुरक्षाकर्मियों ने शख्स को पीछे हटाया और उसको वहां से ले गए। हालांकि, इस दौरान राहुल गांधी ने अपनी यात्रा जारी रखी।

कांग्रेस की थी राहुल की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

इससे पहले कांग्रेस ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और आरोप लगाया कि इसमें चूक हो रही है। पार्टी ने उनके लिए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। इस पर केंद्र और सुरक्षा बलों ने यह कहते हुए पलटवार किया कि राहुल ने खुद 2020 के बाद से 100 से अधिक बार अपने सुरक्षा कवच का उल्लंघन किया है। राहुल गांधी के पास वर्तमान में Z+ श्रेणी का सुरक्षा कवर है, जिसका अर्थ है कि आठ से नौ कमांडो 24×7 उनकी रखवाली कर रहे हैं।

25 जनवरी को श्रीनगर में झंड़ा फहराएंगे राहुल गांधी

पंजाब के बाद राहुल गांधी जम्मू कश्मीर में यात्रा को लेकर जाएंगे, जहां पर भारत जोड़ो यात्रा समाप्त होगी। 25 जनवरी को वह जम्मू और कश्मीर के रामबन जिले के बनिहाल में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और दो दिन बाद 27 जनवरी को अनंतनाग के रास्ते श्रीनगर में प्रवेश करने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान किसी के ‘रिमोट कंट्रोल’ में न रहें : राहुल गांधी

पंजाब में 8 दिनों के लिए कांग्रेस की यात्रा

बता दें कि राहुल गांधी यात्रा के लिए पंजाब में हैं और यहां वह 8 दिन के लिए यात्रा करेंगे। इस दौरान लोहड़ी के मौके पर यात्रा को एक दिन का विराम दिया गया था। वहीं, एक दिन कांग्रेस सांसद संतोख सिंह के निधन के कारण भी यात्रा को रोका गया था। संतोख भी यात्रा में शामिल हुए थे इस दौरान वे अचानक बीमार पड़ गए थे, उन्हें अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन उनका निधन हो गया। इसके बाद यात्रा को उस दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था। उस दिन यात्रा को शुरू होने के 2 घंटे बाद ही रोक दिया गया था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button