जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियां तेज, ग्रेटर नोएडा के होटलों में होगा VVIP मेहमानों का जमावड़ा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विकास और विमानन क्षेत्र के इतिहास में 28 मार्च का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी शनिवार को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने जा रहे हैं। यह परियोजना न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे भारत के लिए मील का पत्थर साबित होगी

इसे भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट पर दिखेगा आधुनिकता और भारतीय संस्कृति का बेहतरीन संगम, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

सीएम खुद कर रहे निगरानी

आपको बता दें कि, जेवर एयरपोर्ट एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में से एक है। उत्तर प्रदेश सरकार, स्थानीय प्रशासन और भाजपा ने इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस भव्य समारोह की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं। वर्षों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है, जेवर की धरती जल्द ही देश के सबसे आधुनिक और विशाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट की साक्षी बनेगी।

Jewar Airport

जेवर एयरपोर्ट की साइट पर इन दिनों युद्धस्तर पर काम चल रहा है और परियोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य टर्मिनल बिल्डिंग से लेकर रनवे और एप्रन एरिया तक हर जगह फिनिशिंग का काम चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि, प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सभी तकनीकी और सौंदर्यपरक कार्यों को पूर्ण कर लिया जाएगा।

समारोह में दो लाख से अधिक लोगों होंगे शामिल

उद्घाटन स्थल पर एक विशाल और भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस समारोह में दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है, जिसे देखते हुए जनसभा स्थल पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति, शुद्ध पेयजल और हजारों वाहनों की सुचारू पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वयं जेवर एयरपोर्ट का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने रनवे, टर्मिनल और जनसभा स्थल का सघन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि, तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश की बदलती वैश्विक छवि का प्रतीक है, इसलिए इसका उद्घाटन समारोह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप भव्य और सुरक्षित होना चाहिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को प्रधानमंत्री के साथ आने वाले विशिष्ट अतिथियों के प्रोटोकॉल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा है।

छावनी में तब्दील हुआ जेवर

सुरक्षा के दृष्टिकोण से जेवर और इसके आसपास के इलाकों को पूरी तरह से छावनी में तब्दील किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी एसपीजी की टीम ने पहले ही कार्यक्रम स्थल को अपने घेरे में ले लिया है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस के साथ-साथ पड़ोसी जिलों जैसे गाजियाबाद, बुलंदशहर और मेरठ से भी भारी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है। क्षेत्र के सभी होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों की सघन चेकिंग की जा रही है और खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

Jewar Airport

28 मार्च के इस बड़े कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, विदेशी राजदूत और भाजपा के शीर्ष नेता भी शिरकत करेंगे। मेहमानों की इस भारी तादाद को देखते हुए ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास के लगभग सभी प्रमुख होटलों को आरक्षित कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी कोतवाली प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के होटलों में कमरों की बुकिंग और मेहमानों के ठहरने का समन्वय स्वयं संभालें। जेवर और यमुना सिटी के अलावा नोएडा के बड़े होटलों में भी वीवीआईपी मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुरू होना केवल एक हवाई पट्टी का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़े आर्थिक इंजन की तरह काम करेगा। इस एयरपोर्ट के क्रियाशील होने से यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की बाढ़ आने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे न केवल विमानन क्षेत्र में बल्कि लॉजिस्टिक्स, होटल उद्योग, परिवहन और पर्यटन सेक्टर में भी लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। जेवर और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के रियल एस्टेट बाजार में भी इस परियोजना के कारण जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है।

राजनीतिक रूप से भी भाजपा इस उद्घाटन समारोह को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रही है। पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर अत्याधुनिक तकनीक और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं ताकि विशाल जनसमूह प्रधानमंत्री के संबोधन को स्पष्ट रूप से सुन और देख सके। जेवर एयरपोर्ट का यह उद्घाटन उत्तर प्रदेश को वैश्विक विमानन मानचित्र पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाने का काम करेगा।

 

इसे भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट के पास यीडा का बुलडोजर एक्शन, करोड़ों की जमीन से हटा अवैध कब्जा, भू-माफियाओं में हड़कंप

Related Articles

Back to top button