
- भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
नई दिल्ली। पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुमित अंतिल ने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) को दी गई शिकायत में द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और मौखिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने भी इस शिकायत का समर्थन किया है।
भारतीय खेल प्राधिकरण ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि नवल सिंह उसके कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि उन्हें एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) द्वारा राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के तहत एक अन्य एथलीट को ट्रेनिंग देने के लिए नियुक्त किया गया है।
अंतिल ने आरोप लगाया कि कोच ने न केवल उनका मानसिक उत्पीड़न किया, बल्कि उनके और नीरज चोपड़ा के परिवारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि कोच अपमानजनक टिप्पणियों की रिकॉर्डिंग टीम मैनेजमेंट तक पहुंचाते थे।
इस शिकायत को नीरज चोपड़ा के अलावा पैरा एथलीट नवदीप सिंह और संदीप चौधरी ने भी समर्थन दिया है।
अंतिल ने यह भी कहा कि उन्होंने एक सप्ताह पहले SAI महानिदेशक और टॉप्स के सीईओ से शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बड़े खिलाड़ियों की शिकायत नहीं सुनी जाती, तो अन्य खिलाड़ियों को क्या उम्मीद करनी चाहिए। वहीं, SAI के सूत्रों का कहना है कि मामले को संबंधित महासंघ के साथ उठाया गया है और उचित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।



