मेयर सुषमा खर्कवाल के 3 साल पूरे, CM ने किया 413 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

लखनऊ। लखनऊ नगर निगम की भाजपा मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने का उत्सव शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बतौर मुख्य शिरकत की और नगर निगम क्षेत्र में 413 करोड़ रुपए की 432 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विकास कार्यों की सराहना के साथ ही मेयर के तीन वर्षों के उपलब्धियों को समर्पित एक स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

इसे भी पढ़ें- नगर विकास मंत्री व मेयर ने किया तीसरी कूड़ा प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन

स्मारिका का विमोचन

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे ही इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे, उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर योगी बाबा जिंदाबाद और मेयर सुषमा खर्कवाल जिंदाबाद के नारे लगाए। नारों की गूंज से पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल की उपलब्धियों को दर्शाती स्मारिका का विमोचन किया। स्मारिका में सफाई, सड़क निर्माण, नाली सुधार, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों का विस्तृत उल्लेख है।

Sushma Kharkhwal

कार्यक्रम में ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुनील भराला, राज्यसभा सांसद बृजलाल, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता द्वारा पार्षदों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मेयर ने की योगी सरकार की सराहना

मेयर सुषमा खर्कवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, पिछले तीन वर्षों में नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, नालियों और सड़कों के निर्माण तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, योगी के मार्गदर्शन में लखनऊ में विकास की गति तेज हुई है।

हमारा प्रयास है कि, लखनऊ न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का एक आदर्श शहर बने। मेयर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के विजन का जिक्र करते हुए बताया कि उनके मार्गदर्शन में शहर में फ्लाईओवर और ग्रीन कॉरिडोर का जाल बिछाया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। आने वाले समय में लखनऊ की सड़कें पूरे देश के लिए उदाहरण बनेंगी। उन्होंने वित्त एवं ऊर्जा मंत्री सुरेश खन्ना की पर्यावरण संरक्षण में भूमिका को रेखांकित किया।

हल हुई जल निकासी की समस्या

मेयर ने बताया कि, हर मंगलवार एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नियमित पौधारोपण किया जा रहा है, जिससे शहर का हरित क्षेत्र बढ़ रहा है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए सुषमा खर्कवाल ने कहा कि, नगर निगम सीमा विस्तार के बाद 88 गांव जुड़े हैं, जहां जल निकासी की समस्या सबसे बड़ी थी। मंत्री के प्रयासों से बजट उपलब्ध हुआ और अब इन क्षेत्रों में तेजी से काम चल रहा है।

मेयर ने सभी मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर उनका स्वागत किया। इस दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का नाम थोड़ा देर से लेने पर हल्का हास्यपूर्ण क्षण भी बना, जिसे मेयर ने तुरंत संभालते हुए कहा, नाम भूल गई थी, लेकिन दिल से सभी का स्वागत है। बुलाया था और सभी का योगदान अमूल्य है।

 विकास की राह पर यूपी- योगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 413 करोड़ रूपये की कुल 432 परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें सड़क निर्माण, नाली सुधार, रोड़ स्वीपिंग मशीनों की खरीद, खराब नलकूपों का नवीनीकरण, कल्याण मंडप, उत्सव वाटिका, जानकीपुरम में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास लाइब्रेरी निर्माण, वेंडिंग जोन विकास आदि शामिल हैं। इन परियोजनाओं से लखनऊ के विभिन्न वार्डों और विस्तारित क्षेत्रों में नागरिक सुविधाएं और बेहतर होंगी।

बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि, लखनऊ ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की लहर दौड़ रही है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ चुका है और लखनऊ में आज 413 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास हो रहा है, जो शहर को और विकसित बनाएगा।

तीन वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

पिछले तीन वर्षों में मेयर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में लखनऊ नगर निगम ने कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सफाई व्यवस्था में आधुनिकीकरण, रोजाना सड़कों की स्वीपिंग, कचरा प्रबंधन में सुधार, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नालियों की नियमित सफाई और वर्षा ऋतु में जलजमाव की समस्या को कम करने जैसे प्रयास सराहे गए। साथ ही पार्कों का विकास, स्ट्रीट लाइटिंग, पेवमेंट निर्माण और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था में भी सुधार हुआ है। नगर निगम ने 1 हजार आमंत्रित अतिथियों और 110 पार्षदों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया था।

सेवा और समर्पण थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में मेयर के कार्यकाल को जनसेवा का प्रतीक बताया गया। लखनऊ को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालजी टंडन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कर्मभूमि बताते हुए मेयर ने कहा कि, इन महानुभावों के सपनों को साकार करने की दिशा में नगर निगम निरंतर काम कर रहा है।

विकास की नई दिशा

लखनऊ नगर निगम सीमा विस्तार के बाद अब अधिक बड़े क्षेत्र को सेवा प्रदान कर रहा है।  88 नए गांवों में बुनियादी ढांचे का विकास, जल निकासी प्रणाली का आधुनिकीकरण और सड़क नेटवर्क का विस्तार प्रमुख चुनौतियां थीं, जिन पर तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नगरों का विकास, गांवों का विकास के मंत्र के अनुरूप लखनऊ को स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने मेयर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व की सराहना की और आश्वस्त किया कि, आने वाले समय में लखनऊ और अधिक सुंदर, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनेगा। यह कार्यक्रम न केवल तीन वर्ष पूरे होने का उत्सव था, बल्कि भविष्य की योजनाओं और निरंतर विकास की प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर भी था। लखनऊवासी उम्मीद कर रहे हैं कि, इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की तस्वीर बदल जाएगी और नागरिकों को बेहतर जीवन मिलेगा।

 

इसे भी पढ़ें- बापू को शत-शत नमन, सीएम योगी और ब्रजेश पाठक ने जीपीओ पार्क में दी राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि

Related Articles

Back to top button