रिमोट से नहीं चलते तो राहुल गांधी को कांग्रेस से निकालें मल्लिकार्जुन खड़गे, सेना पर विवादित बयान को लेकर बीजेपी हमलावर

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की पिटाई करने वाली टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर शनिवार को तीखा हमला बोला। भाजपा ने मांग उठाई कि कांग्रेस (Congress) को उन्हें फौरन पार्टी से निष्कासित करना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) रिमोट से संचालित नहीं होते हैं और अगर विपक्षी दल देश के साथ खड़ा है तो राहुल को उनकी टिप्पणियों के लिए निष्कासित किया जाना चाहिए। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल ने भारत का अपमान किया है और सशस्त्र बलों का मनोबल तोड़ा है।

BJP ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि 1962 याद कर लीजिए, तब देश की हालत क्या थी? तब चीन ने देश के कितने भू-भाग पर कब्ज़ा किया था? जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तब छोटे-छोटे देश हमें डराते थे। अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “राहुल गांधी का बयान अत्यंत ही अमर्यादित, बचकाना और राष्ट्रविरोधी तत्वों को प्रेरित करने वाला है। अंतराष्ट्रीय स्तर पर भारत और भारतीय सेना को अपमानित करने वाला है। हम कांग्रेस और राहुल गांधी की इस सोच की निंदा करते हैं। उनसे ये मांग करते हैं वे देश की जनता और देश के बहादुर जवानों से माफी मांगे।”

गौरव भाटिया ने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ने दुश्मन देशों के साथ समझौता किया हुआ कि जब जब भारतीय सेना अपना पराक्रम दिखाएगी राहुल गांधी और कांग्रेस सेना का मनोबल तोड़ने का काम करेगी। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि पिछले आठ सालों में भारत की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं किया गया है।

यह 1962 का भारत नहीं- Anurag Thakur

वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि यह 1962 का भारत नहीं बल्कि 2022 का भारत है। डोकलाम की घटना के दौरान राहुल ने चीनी दूत से मुलाकात की थी। ऐसा लगता है कि वह चीनियों के समर्थन में हैं।” अनुराग ठाकुर ने कहा कि शायद कांग्रेस और राहुल गांधी को भारतीय सेना पर भरोसा नहीं है, पर हमें हमारी सेना पर पूर्ण विश्वास है। भारतीय सेना इतनी मजबूत है कि सर्जिकल स्ट्राइक भी करती है और अतिक्रमण करने वालों को करारा जवाब भी देती है।

यह भी पढ़ें: राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को दिया जवाब, बोले- हर बार मंशा पर संशय मेरी समझ से परे

Rahul Gandhi ने सेना पर दिया था विवादित बयान

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को जयपुर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दावा किया था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और सरकार सोई हुई है। उन्होंने कहा था कि भारत सरकार इस खतरे को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है। 9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीनी जवानों के बीच हुई झड़प के संदर्भ में उन्होंने कहा था कि क्षेत्र में भारतीय जवानों की पिटाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button