
मुंबई। जियोफाइनेंस ऐप के माध्यम से ग्राहक अब अपने बैंक खाते में पड़ी एक्स्ट्रा रकम को बेहद आसानी से निवेश में बदल सकेंगे। इसके लिए जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट ने जियो पेमेंट्स बैंक के लोकप्रिय ‘Savings Pro’ फीचर में जियोब्लैकरॉक ओवरनाइट फंड को शामिल कर लिया है। इस नई सुविधा का फायदा जियो पेमेंट्स बैंक के सेविंग्स और सैलरी अकाउंट धारक उठा सकेंगे।
इसे भी पढ़ें- जियो ने लगाई छलांग: ग्लोबल पेटेंट रैंकिंग में टॉप-20 में बनाई जगह
बता दें कि, जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और दुनिया की दिग्गज एसेट मैनेजमेंट कंपनी ब्लैकरॉक का संयुक्त उद्यम है।
क्या है Savings Pro फीचर?
Savings Pro को स्पेशली बचत और निवेश को एक ही जगह जोड़ने के मकसद से तैयार किया गया है। इस फीचर के जरिये ग्राहक अपने बैंक खाते में एक तय सीमा से ऊपर पड़ी अतिरिक्त रकम को सीधे ओवरनाइट म्यूचुअल फंड में लगा सकेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सहूलियत के साथ-साथ निवेश की दुनिया तक आसान और सुलभ पहुंच देना है, ताकि उनकी मेहनत की कमाई बेकार न पड़ी रहे।
कैसे काम करेगी यह सुविधा
ग्राहकों के पास इस सुविधा में दो विकल्प होंगे। पहला ऑटो-इन्वेस्ट विकल्प, जिसमें तय सीमा से ऊपर की रकम हर रोज अपने आप निवेश हो जाएगी और ग्राहक को अलग से कुछ करने की जरूरत नहीं होगी। दूसरा वन-टाइम इन्वेस्टमेंट का विकल्प, जिसमें ग्राहक जब चाहें तुरंत निवेश कर सकते हैं। ग्राहक अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार ₹5,000 से लेकर ₹1,50,000 तक की निवेश सीमा तय कर सकेंगे। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजाना निवेश की अधिकतम सीमा ₹1,50,000 निर्धारित की गई है।
पैसे निकालना भी होगा आसान
इस सुविधा में निवेश के साथ-साथ पैसे निकालने की व्यवस्था भी पूरी तरह सुलभ रखी गई है। ग्राहक 50,000 या निवेश की गई कुल रकम के 90 प्रतिशत, जो भी कम हो, तक की राशि जरूरत पड़ने पर तत्काल रिडीम कर सकेंगे। इससे अधिक रकम निकालने के लिए रिडेम्पशन अनुरोध T+1 के आधार पर यानी अगले कारोबारी दिन प्रोसेस किया जाएगा। इसके सबसे खास बात यह है कि, इस पूरी सुविधा में कोई एंट्री लोड, एग्जिट लोड, लॉक-इन पीरियड या छुपे हुए शुल्क नहीं होंगे।
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ सिड स्वामीनाथन का कहना है कि, आज के डिजिटल युग में ग्राहक अपने अतिरिक्त बैलेंस को मैनेज करने के लिए सरल और तकनीक आधारित समाधान चाहते हैं। इस इंटीग्रेशन के जरिए डिजिटल बैंकिंग की सुविधा को ओवरनाइट फंड के साथ जोड़ा जा रहा है, जो ग्राहकों के लिए एक बड़ा कदम है।
जियो पेमेंट्स बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ विनोद ईश्वरन ने कहा कि, बैंक लगातार अपने ग्राहकों के लिए डिजिटल वित्तीय समाधानों को और बेहतर बनाने में जुटा है। उनके अनुसार Savings Pro अतिरिक्त बैलेंस को स्मार्ट तरीके से मैनेज करने का एक शानदार जरिया है जिसमें लचीलापन, तरलता और सुगम पहुंच तीनों एक साथ मिलती हैं।
पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया
Savings Pro की पूरी ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है। ग्राहक जियोफाइनेंस ऐप पर आधार और वीडियो KYC के जरिए बेहद आसानी से इस सुविधा से जुड़ सकेंगे। ऐप के माध्यम से वे अपनी निवेश सीमा तय करने या बदलने, निवेश को ट्रैक करने और सभी लेनदेन की जानकारी देखने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। कंपनी का मानना है कि, यह कदम रोजमर्रा की बैंकिंग और निवेश को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में एक मजबूत और सार्थक पहल है।
इसे भी पढ़ें- जियो ने लगाई छलांग: ग्लोबल पेटेंट रैंकिंग में टॉप-20 में बनाई जगह



