‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के नाम से होगी जेवर एयरपोर्ट की पहचान, योगी कैबिनेट में प्रस्ताव मंजूर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब बदलने वाला है। आने वाले दिनों ने ये एयरपोर्ट  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से जाना जाएगा। योगी कैबिनेट ने शुक्रवार को एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर’ रखने का प्रस्ताव को सर्व सम्मति से पास कर दिया है।

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी ने दिखाई 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी, अब आसान होगा जेवर एयरपोर्ट तक का सफर

इस फैसले की जानकारी लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों के साथ पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े विमानन केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

प्रदेश में विकास में नए आयाम

मुख्यमंत्री ने बताया कि, सरकार प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की अविराम सेवा यात्रा के अभिनंदन में मंत्रिपरिषद ने विशेष प्रस्ताव पारित किया है। सात अक्टूबर को इस यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी उत्तर प्रदेश से सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। साल 2014 में जब मोदी काशी आये थे, तब उन्होंने कहा था कि, उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध प्रदेश के विकास का आधार बना है।

pm modi

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश प्रशासनिक शिथिलता, असुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की समस्या से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पारदर्शी और तकनीक आधारित शासन व्यवस्था अपनाई गई, जिससे कानून व्यवस्था मजबूत हुई। नतीजा ये रहा कि प्रदेश में निवेश का वातावरण बना, तमाम उद्योग स्थापित हुए। डबल इंजन सरकार के समन्वय से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

सीएम ने कहा, प्रदेश में करीब 60 हजार करोड़ रुपये से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्ग बनाये गये हैं। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पूरे हुए। 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ। लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ।

ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट और रक्षा औद्योगिक गलियारा

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दादरी में पूर्वी और पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन तैयार हुआ है। इन कॉरिडोर का 1,050 किलोमीटर से ज्यादा हिस्सा उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। वाराणसी में देश का पहला मल्टीमॉडल इनलैंड वॉटरवेज टर्मिनल और 100 एकड़ में फ्रेट विलेज विकसित किया गया है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट और रक्षा औद्योगिक गलियारा बन रहा है, जबकि एक हजार एकड़ में फैला पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क भी प्रदेश के औद्योगिक विस्तार को गति दे रहा है।

तीन करोड़ किसानों को मिली सम्मान निधि

सीएम योगी ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के तीन करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई गई। 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के ऋण माफ किए गए। 5.50 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये 13.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक का फसली ऋण दिया गया। इसके अलावा 79.51 लाख किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा मिला और गन्ना किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान हुआ।

 साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, प्रदेश में 9.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है। 65 लाख नियुक्तियां निजी क्षेत्र दी गई है। 31.11 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और 62 लाख से अधिक को स्मार्टफोन तथा टैबलेट दिए गए। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, काशी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से खिलाड़ियों को नए अवसर मिले हैं।

प्रदेश भर में इस समय 10 लाख स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं।  इन समूहों से एक करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। पीएम स्वनिधि से 15 लाख रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सहायता और स्वामित्व योजना से 1.10 करोड़ ग्रामीण परिवारों को घरौनी मिली। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को दस प्रतिशत आरक्षण भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिला।

लखनऊ की जरदोजी को अंतरराष्ट्रीय पहचान

 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेशी मेहमानों को उत्तर प्रदेश के उत्पाद उपहार में देकर उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाई। अमेरिकी राष्ट्रपति को काशी की गुलाबी मीनाकारी, जापान के प्रधानमंत्री को निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी और फ्रांस के राष्ट्रपति को कन्नौज का इत्र भेंट किया गया। लखनऊ की जरदोजी को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। खाद्यान्न, दूध, गन्ना, आम, आंवला और मिलेट के उत्पादन में प्रदेश देश में अग्रणी है।

 सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई मिसाल

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संभव हुई और काशी विश्वनाथ धाम का भव्य विस्तार हुआ। मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा और पिपरहवा के बौद्ध अवशेष भी विदेश से वापस लाए गए। महाकुंभ में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।

jevr airport

काशी तमिल संगमम, बौद्ध सर्किट, संत रविदास की जन्मस्थली, चौरी-चौरा शताब्दी समारोह और राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसे आयोजनों और परियोजनाओं से प्रदेश की विरासत को नई पहचान मिली। महामना मदन मोहन मालवीय और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

विकसित भारत-2047 का संकल्प दोहराया

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की सेवा यात्रा का अभिनंदन करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया है। सरकार इस लक्ष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।
इसे भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरना होगा किफायती, अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स पर आया बड़ा अपडेट, दिसंबर से शुरू होगी सेवा

Related Articles

Back to top button