वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में भारत के पांच पदक पक्के, युवा मुक्केबाज सेमीफाइनल में

क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत के पांच खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गए, जिससे देश के कम से कम पांच पदक सुनिश्चित हो गए हैं।

बैंकॉक । वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप 2026 में भारतीय युवा मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक पक्के कर लिए हैं। क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत के पांच खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गए, जिससे देश के कम से कम पांच पदक सुनिश्चित हो गए हैं।

भारत की ओर से गुंजन (48 किग्रा), जॉयश्री देवी (54 किग्रा), अंबेकर मीतेई (50 किग्रा), चंद्रिका पुजारी (51 किग्रा) और राधामणि लोंगजाम (57 किग्रा) ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई।

सुबह के सत्र में गुंजन ने अजरबैजान की गुलार हुसेनोवा को 5-0 से हराया, जबकि जॉयश्री देवी ने जापान की **यूरा कनेमारू को पहले राउंड में रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्टसे पराजित किया। पुरुष 50 किग्रा वर्ग में अंबेकर मीतेई ने जापान के अकीरा उएकुबो को 4-1 से हराया।

शाम के सत्र में चंद्रिका पुजारी ने स्पेन की एंड्रिया बुएलगा गार्सिया को दूसरे राउंड में आरएससी से मात दी, जबकि राधामणि लोंगजाम ने इंग्लैंड की सियोभान हेली को 4-1 से हराया। हालांकि 60 किग्रा वर्ग में भारत के साहिल दुहान को फ्रांस के डेविड हारुत्युनियन से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

8 से 15 मार्च तक बैंकॉक में आयोजित यह टूर्नामेंट युवा मुक्केबाजों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का अहम मंच माना जाता है। अब भारतीय खिलाड़ी सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में इन पदकों को स्वर्ण में बदलने की कोशिश करेंगे।

Related Articles

Back to top button