जिला बाक्सिंग चैंपियनशिप में हर्षित, श्रेयांश, अलंकृता सेमीफाइनल में बनाई जगह

बाक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ के तत्वावधान में वीकेएस (विजय कुमार साहू) फाउंडेशन द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बाक्सिंग एरिना में खेली जा रही है

 लखनऊ ।  मोहम्मद अम्मान, हर्षित सिंह, श्रेयांश सिंह व अलंकृता सिंह सहित कई उभरते हुए मुक्केबाजों ने प्रथम वीकेएस (विजय कुमार साहू) फाउंडेशन मेमोरियल जिला बाक्सिंग चैंपियनशिप में रिंग में अपनी तकनीक और ताकत का लोहा मनवाया। इन खिलाड़ियों ने अपने विरोधियों को धूल चटाते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया।
बाक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ के तत्वावधान में वीकेएस (विजय कुमार साहू) फाउंडेशन द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बाक्सिंग एरिना में आयोजित इस चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा आनन्देश्वर पाण्डेय ने किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि का स्वागत बाक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष अतुल अग्निहोत्री ने किया। वहीं वीकेएस (विजय कुमार साहू)  फाउंडेशन के निदेशक शिवम विजय साहू ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर बाक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ के सचिव सहदेव सिंह, कोषाध्यक्ष विशाल राज, ओलंपियन नरेंद्र सिंह बिष्ट, यूपी ट्रायथलान एसोसिएशन के सचिव संदीप मिश्रा व लखनऊ ट्रायथलान के सचिव आशुतोष त्रिपाठी भी मौजूद थे।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में सब जूनियर वर्ग में कई रोमांचक क्वार्टर फाइनल खेले गए। इसमें सब जूनियर बालक वर्ग  के 52 किग्रा भार वर्ग में एलपीएस गोमतीनगर के रितेश कुमार ने एलपीएस के ही ओम सिंह  को हराया। वहीं मार्डन अकादमी विनय खंड-5 के यश पाण्डेय ने मार्डन अकादमी विराम खंड के आलोक कुमार को शिकस्त दी। दूसरी ओर लामार्टिनियर के नितिज्ञ ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के मानिक भट्ट को एवं  टीएफसी के अथर्व राय ने सीएमएस स्टेशन रोड के कुशाग्र यादव को हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
57 किग्रा भार वर्ग में सीएमएस स्टेशन रोड के मोहम्मद अम्मान ने शानदार खेल दिखाते हुए सीएमएस गोमतीनगर  के अंशुमान को अपने दमदार पंचों से किया। इसी वर्ग में मार्डन अकादमी विराम खंड के हर्षित सिंह ने मार्डन अकादमी विनय खंड -5 के कार्तिकेय को, सीएमएस स्टेशन रोड के शशांक ने सीएमएस शालीमार के अक्षत सिंह को एवं केडी सिंह बाबू स्टेडियम के श्रेयांश सिंह ने आदिल को हराते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।
अन्य भार वर्गो में 46 किग्रा में मार्डन अकादमी विराम खंड के स्वरित मिश्रा ने मार्डन अकादमी विनय खंड-5 के प्रांजल जोशी को हराया। 50 किग्रा में सीएमएस स्टेशन रोड के अग्रिम वर्मा ने पुलिस मार्डन स्कूल गोमतीनगर के  सम्राट सिंह को शिकस्त दी। वहीं 63 किग्रा में एलपीएस गोमतीनगर के तुषार यादव ने एलपीएस वृंदावन के अर्पित कुमार और सी 30 किग्रा में माडर्न अकादमी विनम्र खंड 5 के सिद्धार्थ कुमार भी जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचे।
वहीं बालिका सब जूनियर के क्वार्टर फाइनल में 40 किग्रा में एलपीएस आनंद नगर की अलंकृता सिंह ने एलपीएस वृंदावन योजना की जान्हवी सिंह को हराकर सोमीफाइनल का टिकट कटाया।

Related Articles

Back to top button