लखनऊ। एलडीए स्टेडियम, अलीगंज में खिलाड़ियों के लिए किसी भी प्रकार के प्रशिक्षण शुल्क में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की जाएगी और खेल सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा। इसी के साथ खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण संसाधन, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सभी खेलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।यह बात बालक अंडर-14 त्रिकोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर रायल इंटरप्राइजेज के कार्यकारी निदेशक हर्षवर्धन सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में एलडीए स्टेडियम में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए बॉलिंग मशीन, एस्ट्रोटर्फ विकेट और सांयकालीन सत्र में लंबे समय तक अभ्यास के लिए प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।इसके साथ ही अन्य खेलों में भी टेनिस और बास्केटबाल कोर्ट को सिंथेटिक बनाने के साथ-साथ विद्युतीकरण का कार्य कराया जाएगा, ताकि रात्रिकालीन सत्र में भी खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर सकें। ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक मैट उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि पिकलबॉल कोर्ट के साथ-साथ मिनी तरण ताल का निर्माण भी प्रस्तावित है।
इसी क्रम में एलडीए स्टेडियम, अलीगंज में आयोजित बालक अंडर-14 त्रिकोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मैच में ईडेन स्पोर्ट्स क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए राइजिंग फाल्कंस को 146 रन के बड़े अंतर से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ईडेन स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट पर 382 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।ईडेन स्पोर्ट्स क्लब की ओर से मैन ऑफ द मैच मोहम्मद तल्हा ने 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं सत्यम पटेल ने 52 रन और आदर्श यादव ने 61 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग फाल्कंस की टीम निर्धारित ओवर में 236 रन ही बना सकी।
प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर रायल रायल स्पोर्ट्सगंज के निदेशक ऑपरेशंस अजय कुमार सेठी ने कार्यकारी निदेशक हर्षवर्धन सिंह का स्वागत किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर रायल स्पोर्ट्सगंज के सहायक निदेशक अंश पाण्डेय भी उपस्थित रहे। तीन दिवसीय इस त्रिकोणीय क्रिकेट प्रतियोगिता में ईडेन स्पोर्ट्स क्लब, राइजिंग फाल्कंस और लक्ष्मण सिंह क्लब के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।



