आधार में ईमेल अपडेट अब बिल्कुल फ्री, घर बैठे मोबाइल से करें काम, ये है पूरी प्रक्रिया

नई दिल्ली। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार धारकों के लिए एक बड़ी राहत भरी सर्विस शुरू की है। अब लोग आधार सेंटर के चक्कर लगाए बिना, सिर्फ अपने मोबाइल फोन से आधार ऐप के जरिए अपने आधार कार्ड में ईमेल आईडी जोड़ सकते हैं या पुरानी ईमेल आईडी को अपडेट कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि यह सर्विस पूरी तरह से मुफ्त रखी गई है,  जिसका फायदा करोड़ों धारक उठा सकते हैं।

 इसे भी पढ़ें-  सीएम धामी ने ‘रन फॉर योगा’ में लिया हिस्सा, योग को बताया स्वस्थ जीवन का आधार

कब से शुरू हुई सर्विस

UIDAI के मुताबिक, यह नई सर्विस 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है और अगले छह महीने तक यानी दिसंबर 2026 तक पूरी तरह मुफ्त रहेगी। इसका मतलब है कि, इस अवधि के दौरान अगर कोई भी व्यक्ति अपने आधार में ईमेल आईडी जोड़ता है या पहले से मौजूद ईमेल आईडी को बदलता है, तो उसे इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।

Aadhar card

पहले इस तरह के काम के लिए लोगों को आधार सेवा केंद्र जाना पड़ता था और कई बार फीस भी चुकानी पड़ती थी, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया घर बैठे, मोबाइल से और मुफ्त में पूरी की जा सकेगी।

ढाई लाख से ज्यादा लोगों ने उठाया फायदा

इस सर्विस को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। UIDAI द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सर्विस शुरू होने के महज दो दिनों के भीतर ही 2.5 लाख से ज्यादा लोग अपने आधार में ईमेल आईडी जोड़ या अपडेट करा चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का इस सर्विस का इस्तेमाल करना यह दिखाता है कि लोग अब डिजिटल माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं और आधार सेंटर की लंबी लाइनों में लगने के बजाय ऑनलाइन तरीके को प्राथमिकता दे रहे हैं।

ईमेल लिंक करने के लाभ

आधार में ईमेल आईडी जोड़ने का सबसे बड़ा फायदा सुरक्षा के लिहाज से मिलेगा। जब भी कहीं भी आपके आधार कार्ड का इस्तेमाल ऑथेंटिकेशन (सत्यापन) के लिए किया जाएगा, उसकी सूचना तुरंत आपके रजिस्टर्ड ईमेल पते पर भेज दी जाएगी। इसका सीधा मतलब यह है कि, अगर कोई व्यक्ति बिना आपकी जानकारी या अनुमति के आपके आधार का दुरुपयोग करने की कोशिश करता है, तो आपको इसकी जानकारी तुरंत मिल जाएगी और आप समय रहते जरूरी कदम उठा सकेंगे। इस तरह यह सर्विस न सिर्फ सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि आधार से जुड़ी सुरक्षा को भी कई गुना मजबूत करेगी।

वर्तमान समय में जब डिजिटल फ्रॉड और पहचान की चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में यह कदम आधार धारकों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा। ईमेल पर तुरंत मिलने वाला अलर्ट लोगों को सतर्क रहने में मदद करेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर मिल सकेगी।

नया आधार ऐप पहले से दे रहा है कई सुविधाएं

UIDAI का कहना है कि, नया आधार ऐप पहले से ही आधार धारकों को कई तरह की सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध करा रहा है। इस ऐप के जरिए अब तक 40 लाख से भी ज्यादा लोग अपना मोबाइल नंबर सफलतापूर्वक अपडेट करवा चुके हैं। इसके अलावा, 10 लाख से अधिक लोगों ने बिना किसी सेंटर पर गए, सिर्फ घर बैठे ही अपने आधार में पता (एड्रेस) की जानकारी को अपडेट कराया है। इन आंकड़ों से साफ पता चलता है कि, आधार ऐप धीरे-धीरे लोगों के बीच एक भरोसेमंद डिजिटल टूल के रूप में स्थापित हो रहा है।

सेवाओं को आसान बनाना है मकसद

UIDAI लगातार अपनी सेवाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार आधार सेवा केंद्रों के चक्कर न काटने पड़ें। इससे न सिर्फ आम जनता का समय बचेगा, बल्कि सेवा केंद्रों पर लगने वाली भीड़ भी काफी हद तक कम हो जाएगी। साथ ही, इस पहल से डिजिटल इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा और अधिक से अधिक लोग तकनीक के जरिए सरकारी सेवाओं से जुड़ पाएंगे।

Aadhar card

प्राधिकरण का मानना है कि, जैसे-जैसे लोग ऑनलाइन माध्यम से आधार से जुड़े काम निपटाना सीखेंगे, वैसे-वैसे न सिर्फ प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि पूरे सिस्टम में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। ऑफलाइन प्रक्रिया के मुकाबले ऑनलाइन प्रक्रिया में गड़बड़ी या धोखाधड़ी की संभावना भी काफी कम हो जाती है, जिससे आधार धारकों को ज्यादा भरोसेमंद अनुभव मिलेगा।

किन डिवाइस पर उपलब्ध है ऐप

नया आधार ऐप दोनों प्रमुख मोबाइल प्लेटफॉर्म , एंड्रॉयड और एप्पल के आईओएस (iOS) पर उपलब्ध है। यूजर्स अपने-अपने फोन के अनुसार गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से इस ऐप को आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। अगर किसी के फोन में यह ऐप पहले से मौजूद है, तो उसे सिर्फ लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करने की जरूरत होगी, ताकि नई ईमेल अपडेट वाली सुविधा का लाभ उठाया जा सके।

UIDAI ने की लोगों से अपील

UIDAI ने देशभर के सभी आधार धारकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने मोबाइल फोन में आधार ऐप डाउनलोड करें, या अगर पहले से ऐप मौजूद है तो उसे तुरंत अपडेट कर लें। इसके बाद फ्री सर्विस की समय सीमा खत्म होने से पहले अपने आधार में ईमेल आईडी जरूर जोड़ें या अपडेट करें। ऐसा करने से भविष्य में आधार से जुड़ी हर महत्वपूर्ण और जरूरी जानकारी समय पर आपके ईमेल पर पहुंचती रहेगी और आपको किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कैसे जोड़ें या अपडेट करें ईमेल आईडी

इच्छुक आधार धारक सबसे पहले अपने फोन में आधार ऐप डाउनलोड या अपडेट करें। इसके बाद ऐप में लॉगिन करके “अपडेट आधार” के विकल्प में जाकर ईमेल आईडी जोड़ने या बदलने का विकल्प चुनें। जरूरी जानकारी भरने और OTP वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद यह प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाएगी।

 

इसे भी पढ़ें-  उत्तर प्रदेश में आधार केंद्रों का बड़ा विस्तार, 32 जिलों में शुरू हुई सेवा

Related Articles

Back to top button