
नई दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड ने अब दोहरी मार शुरू कर दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। सड़कों, हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी चेतावनी में कहा है कि 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी सुबह के समय कोहरा रहेगा। अगले दो से तीन दिनों तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं। इससे दृश्यता घटेगी और सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों से धीमी गति से वाहन चलाने, हेडलाइट व फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
यूपी-हरियाणा में कोहरे का कहर
19 से 21 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सुबह के वक्त घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में भी 19 और 20 दिसंबर को कोहरे का असर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अचानक दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
यूपी के इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बेहद घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर व देहात, आगरा, इटावा, औरैया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।
दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में गुरुवार को इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 4 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह आंशिक बादल और मध्यम से घना कोहरा रहेगा, जबकि शाम और रात में धुंध छाने की संभावना है। हवाएं धीमी रहने से वायु गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।



