
मुंबई। बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह का चर्चित गाना ‘टटीरी’ एक बार फिर नए कलेवर और बदलावों के साथ रिलीज होने के लिए तैयार है। हाल ही में बादशाह ने इस गाने का नया टीजर जारी किया और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से समर्थन की अपील की। 1 मार्च को रिलीज हुए इस गाने को लेकर हुए भारी विवाद और कानूनी कार्रवाइयों के बाद अब इसे 14 अप्रैल को ‘टटीरी फिर से’ नाम के साथ दोबारा लॉन्च किया जाएगा। सिंगर ने साफ किया है कि नए वर्जन में उन सभी हिस्सों और बोल को हटा दिया गया है, जिन्हें आपत्तिजनक माना गया था।
‘टटीरी’ गाने को लेकर विवाद तब शुरू हुआ था जब इसके लिरिक्स और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया गया। इस मामले में बादशाह के खिलाफ जींद और पंचकूला में तीन एफआईआर दर्ज की गई थीं। विवाद इतना बढ़ा कि हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह के पेश न होने पर उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट तक जब्त करने के आदेश दे दिए थे। इसके बाद बादशाह ने पंचकूला पुलिस के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा और उन्हें जमानत मिल गई। सिंगर ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा था कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं था और वे खुद को हरियाणा का बेटा मानते हैं।
इस पूरे प्रकरण में निर्णायक मोड़ तब आया जब बादशाह ने राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने दिल्ली में पेश होकर बिना शर्त माफी मांगी। आयोग की सख्त नाराजगी के बाद बादशाह और उनकी टीम ने न केवल गाने में बदलाव करने का आश्वासन दिया, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कई बड़े वादे भी किए। सिंगर ने घोषणा की है कि वे अगले 4 महीनों के भीतर महिला सशक्तिकरण पर एक सकारात्मक गाना बनाएंगे और आर्थिक रूप से कमजोर 50 लड़कियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएंगे।
बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि एक कलाकार के रूप में समाज और संस्कृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी सबसे ऊपर है। उन्होंने हरियाणा के लोगों और अपने फैंस का आभार जताते हुए कहा कि उनके विश्वास ने ही इस गाने को दोबारा जिंदा रखने की हिम्मत दी है। अब 14 अप्रैल को रिलीज होने वाले ‘टटीरी फिर से’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि विवादित हिस्सों को हटाने के बाद फैंस इस नए वर्जन को कितना प्यार देते हैं।



