
नई दिल्ली। नए साल से पहले उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। मैदानी इलाकों में घने से लेकर बहुत घने कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी 2026 तक घने कोहरे का असर बना रह सकता है।
इन राज्यों में घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उत्तरी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 1 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा पड़ सकता है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और नागालैंड में 3 जनवरी 2026 तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इन राज्यों में कोल्ड डे कंडीशन बनी रहने की संभावना है।
हिसार में सबसे सर्द रात
देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरियाणा के हिसार में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
यहां होगी बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है। इसी अवधि में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश के साथ बर्फ गिर सकती है। इसके अलावा,
- 30 दिसंबर: पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान
- 1 जनवरी: पश्चिमी उत्तर प्रदेश
में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 30-31 दिसंबर के दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। सुबह के समय हल्का से घना कोहरा छा सकता है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवाएं पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेंगी, जिनकी गति 15 किमी प्रति घंटे से कम रहेगी।
बुधवार को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। सुबह के समय कोहरे के साथ बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।



