सीएम योगी की सख्त चेतावनी, त्योहारों और परीक्षाओं पर सख्त हो सुरक्षा व्यवस्था

लखनऊ। आने वाले कुछ दिन उत्तर प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील और व्यस्त साबित होने वाले हैं, क्योंकि यहां एक तरफ यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा होने वाली है, तो वहीं दूसरी ओर चैत्र नवरात्र, अलविदा की नमाज और ईद-उल-फितर जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी पड़ने वाले हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कमर कस ली है। इस संबंध में सीएम ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा और शांति बनाए रखने में किसी भी स्तर की ढिलाई अक्षम्य होगी।

इसे भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, सीएम योगी से मिले अधिकारी, बताया-‘ऑपरेशनल प्लान’

आम नागरिकों को न हो असुविधा

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट कर दिया कि, प्रदेश में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, धार्मिक आयोजनों के कारण आम नागरिकों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने समाज-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कहा कि अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून का राज स्थापित करना शासन की पहली प्राथमिकता है।

CM YOGI

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली यह परीक्षा प्रदेश के 1090 केंद्रों पर चार पालियों में होगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए उन्होंने प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा ताकि कहीं भी जाम की स्थिति न बने। परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

एक्टिव रहे खुफिया तंत्र 

सीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती पूरी जिम्मेदारी के साथ हो और परीक्षा से पूर्व सभी जिलों में व्यवस्थाओं का रिहर्सल किया जाए। इसके अतिरिक्त हर केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की गाड़ी तैनात करने और खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के आदेश भी दिए गए हैं।

त्योहारों की सुरक्षा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 19 मार्च से चैत्र नवरात्र और 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर जैसे आयोजन होने हैं। इस दौरान देवीपाटन, शाकुंभरी देवी, मां विंध्यवासिनी धाम और ललिता देवी मंदिर जैसे प्रमुख शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

मन्दिरों के आसपास चले विशेष स्वच्छता अभियान

योगी ने इन स्थानों पर सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान शहरों और गांवों में मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने आगामी 27 मार्च को अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर उमड़ने वाली भीड़ के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा है। साथ ही 19 मार्च को राष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या और मथुरा दौरे के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं- सीएम

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि, सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को धर्मगुरुओं के साथ संवाद स्थापित करने का सुझाव भी दिए, ताकि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बना रहे।मुख्यमंत्री के हर त्यौहार भाईचारे का होता है, इसे हर्सोल्लास में मनाया जाना चाहिए, लेकिन किसी को किसी तरह की असुविधा भी नहीं होनी चाहिए।

 

इसे भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रम लाइसेंस, सीएम योगी से मिला प्रतिनिधिमंडल

Related Articles

Back to top button