रिषभ पंत के खेल से प्रभावित हुए ब्रायन लारा, कही ये बात

मुंबई। वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने एक बार फिर रिषभ पंत के खेल की तारीफ की है। लारा, युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के ‘ऑफ साइड ’ के खेल में सुधार से प्रभावित हुए हैं। लारा के मुताबिक, पंत ने अब अपने स्कोरिंग जोन बदल दिए हैं और वह अब ऑफ साइड में भी अच्छा स्कोर कर रहे हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले 23 साल के इस खिलाड़ी ने मौजूदा सत्र के पांच मैचों में लगभग 140 के स्ट्राइकरेट से 171 रन बनाए हैं।

एक खेल चैनल के शो ‘क्रिकेट लाइव’ में लारा ने कहा, “मुझे लगता है कि पंत दिल्ली कैपिटल्स के एक महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने अपने खेल में भी काफी सुधार किया है। मैं उनकी बल्लेबाजी और उस विभाग में किए गए सुधारों के बारे में बात कर रहा हूं। जिस चीज पर तुरंत ध्यान दिया जा सकता है, वह है लेग-साइड के अलावा ऑफ साइड पर भी स्कोर करना। पंत अब लेग साइड के साथ-साथ ऑफ साइड पर भी शॉट खेल रहे हैं। उन्होंने अपने ऑफ-साइड के खेल को बेहतर बनाने पर काम किया है।”

इससे पहले एक खेल चैनल के शो में लारा ने रिषभ पंत को धोनी का सबसे बेहतर विकल्प बताया था। लारा ने कहा था कि भारतीय टीम में महेंद्र सिंह धोनी की जगह लेने के लिए रिषभ पंत नंबर एक दावेदार हैं।

Related Articles

Back to top button