BJP नेता ने ली शपथ, ‘जब तक नहीं बनेगी पार्टी की सरकार-नहीं करूंगा डिनर’

अलीगढ़: सत्ता में आने के लिए नेता दावे-वादों से लेकर कुछ भी कर गुजरने को तैयार हो जाते हैं. राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया (Satish Poonia) ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी पार्टी राज्य में सरकार नहीं बना लेती वह माला और साफा नहीं पहनेंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने शाम का भोजन न करने की प्रतिज्ञा भी ले डाली है. यानी जब तक भाजपा राजस्थान में सरकार नहीं बना लेती, पूनिया डिनर नहीं करेंगे. 

UP में कर रहे हैं चुनाव प्रचार

उत्तर प्रदेश (UP) के अलीगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सतीश पूनिया (Satish Poonia) ने गुरुवार को कहा कि राजस्थान में जब तक पार्टी सत्ता में नहीं आती तब तक वह माला-साफा नहीं पहनेंगे और न ही रात का भोजन करेंगे. इस दौरान, भाजपा नेता ने कांग्रेस को अगले चुनाव में जड़ से उखाड़ फेंकने का भी संकल्प लिया.  

जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प

रैली को संबोधित करते हुए पूनिया ने कहा, ‘मैंने संकल्प लिया है कि जब तक 2023 में राजस्थान में हम लोग कांग्रेस को जड़ से नहीं उखाड़ देते और भाजपा को प्रचंड बहुमत नहीं दिला देते, तब तक मैं माला, साफा नहीं पहनूंगा और शाम का भोजन नहीं करूंगा.’ बता दें कि राजस्थान में अगले साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं. साफा राजस्थान में पारंपरिक पगड़ी को कहते हैं, जिसे संस्कृति का प्रतीक समझा जाता है.

अवैध रेत खनन मामले में ईडी ने सीएम चन्नी के भतीजे को किया गिरफ्तार, कांग्रेस के CM चेहरे के ऐलान से पहले ED का एक्शन

पायलट ने भी ली थी प्रतिज्ञा

पूनिया ने विश्वास जताया कि वे 2023 में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाएंगे. BJP लीडर चुनाव प्रचार के सिलसिले में पिछले दो दिन से उत्तर प्रदेश में हैं. गौरतलब है कि 2014 में राजस्थान में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने तक साफा नहीं पहनने का संकल्प लिया था. दिसंबर 2018 में राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने पर पायलट ने साफा पहना था.

Related Articles

Back to top button