सुप्रीम कोर्ट पहुंचा अतीक-अशरफ की हत्या का मामला, यूपी के पुराने 183 एनकाउंटरों की जांच की मांग

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। रविवार को एक वकील विशाल तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर इस मामले में पूर्व जज की निगरानी में जांच की मांग की है। वकील विशाल तिवारी ने अपनी याचिका में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए सभी 183 एनकाउंटर की जांच कराने की मांग की है। आपको बता दें कि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की शनिवार की रात प्रयागराज में पुलिस सुरक्षा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुछ राजनीतिक दलों ने इसमें सत्ताधारी दल का हाथ होने की आशंका जताई है।

एनकाउंटर की जांच

उत्तर प्रदेश पुलिस ने शुक्रवार को कहा था कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के छह वर्षों में 183 कथित अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया है और इसमें असद और उसके साथी भी शामिल हैं। इसी को आधार बनाते हुए याचिका दायर की गई है, जिसमें अतीक और अशरफ की हत्याओं की जांच के लिए एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति के गठन का अनुरोध किया गया है।

यह भी पढ़ें: अतीक और उसके भाई की सुरक्षा में तैनात 17 पुलिसकर्मी निलंबित, सीएम योगी ने की जांच के लिए 3 सदस्यीय न्यायिक पैनल की घोषणा

अतीक-अशरफ का अंतिम संस्कार

रविवार को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों का शव कब्रिस्तान पहुंचाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में उन्हें दफनाया गया। इसी कब्रिस्तान में कुछ ही दिन पहले एनकाउंटर में मारे गए अतीक के बेटे असद को भी दफनाया गया था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button