एशिया कप : कब पूरी तरह से फिट होंगे अय्यर ? लम्बे समय तक बाहर रहने के बाद एशिया कप के लिए उनका चयन किया गया था

एशिया कप के बाद भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज अभी खेलना बाकी है। कंगारू टीम 23, 24 और 27 सितंबर को भारतीय जमीन पर तीन वनडे मैच खेलेगी। विश्व कप से ठीक पहले दोनों टीमों की यह आखिरी वनडे सीरीज होगी। इसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया का फोकस अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने पर होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चयनकर्ता जल्द ही सीरीज के लिए टीम का चयन करेंगे।

टीम चुनने से पहले भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की चिंता श्रेयस अय्यर की चोट ने बढ़ा दी है। लंबे समय तक बाहर रहने के बाद एशिया कप के लिए उनका चयन किया गया था। उनका चयन विश्व कप टीम में भी हो चुका है। एशिया कप के सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से ठीक पहले वह अनफिट हो गए। उनकी पीठ में दिक्कतें आने लगी है। हालांकि, यह माना जा रहा है कि अय्यर की चोट बहुत ज्यादा गंभीर नहीं है। इसके बावजूद भी उनका सुपर-4 में बांग्लादेश के खिलाफ खेलना तय नहीं हो पाया है।

आज सबकुछ हो जाएगा क्लियर !
अय्यर ने अपने स्ट्रेस फ्रैक्चर को ठीक करने के लिए पीठ की सर्जरी करवाई थी। इसके बाद लंबे समय तक वह नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रहे। चोट ठीक होने के बाद उन्होंने टीम में वापसी की। वह एशिया कप के ग्रुप दौर में पाकिस्तान और नेपाल के खिलाफ खेले थे, लेकिन सुपर-4 में बाबर आजम की टीम से होने वाले मैच से ठीक पहले उन्होंने पीठ में ऐंठन और दर्द की शिकायत की। गुरुवार (14 सितंबर) को बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले वैकल्पिक ट्रेनिंग सेशन के दौरान क्लियर तस्वीर सामने आएगी।

जानकारी के मुताबिक, ऐसा लगता है कि कुछ दिन तक अकड़न और दर्द बना रह सकता है, जो निश्चित रूप से क्षेत्ररक्षण के दौरान उन्हें परेशान करेगी। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि यह ज्यादा गंभीर नहीं है। माना जा रहा है कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति इस हफ्ते किसी भी समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए टीम की घोषणा कर सकती है। यह बांग्लादेश से मैच के दिन या रविवार को एशिया कप फाइनल से पहले हो सकता है।

विश्व कप टीम में 27 सितंबर तक हो सकता है परिवर्तन
विश्व कप के लिए प्रारंभिक टीम की घोषणा कर दी गई है। 27 सितंबर ICC को अंतिम लिस्ट सौंपने की तारीख है। भारतीय टीम प्रबंधन अय्यर की फिटनेस को लेकर चिंतित होगी और यदि वह ऑस्ट्रेलिया सीरीज में नहीं खेल पाते हैं, तो विश्व कप में चोट के बाद काफी कम मैच खेलकर उतरेंगे। भारतीय टीम को चेन्नई में 8 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया से अपना पहला मैच खेलना है। उससे पहले टीम इंडिया दो अभ्यास मैच खेलेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button