तेज रफ्तार ट्रक ने ली 4 CRPF जवानों की जान, कार के उड़े परखच्चे

सीआरपीएफ की 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर एक डिजायर कार में सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी भिड़ंत सामने से आ रहे एक ट्रक से हो गई।

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवानों और उनके वाहन चालक सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी-धमतरी बायपास पर हुई। जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ की 201 कोबरा बटालियन के जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर एक डिजायर कार में सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी भिड़ंत सामने से आ रहे एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जवान बुरी तरह फंस गए।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ‘वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा’ की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सिविल सर्जन डॉ. अभिषेक टोंडर ने पुष्टि की है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही चार लोगों की जान जा चुकी थी।

हादसे की खबर मिलते ही धमतरी जिला अस्पताल में सेना के अधिकारियों, पुलिस बल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा लग गया। कलेक्टर अविनाश मिश्रा और महापौर रामू रोहरा सहित अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शोक व्यक्त किया। समाचार लिखे जाने तक मृत जवानों के नामों की आधिकारिक घोषणा और परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी थी। अर्जुनी थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button