
नई दिल्ली: पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। ठिठुरन बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। नए साल की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्द हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी है।
तेज हवाओं के चलते जहां लोगों को परेशानी हो रही है, वहीं दिल्ली-एनसीआर की एयर क्वालिटी में हल्का सुधार भी देखने को मिला है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की चेतावनी जारी की है।
यूपी-बिहार में कड़ाके की ठंड और कोल्ड डे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में कोहरे और कोल्ड डे को लेकर अलर्ट जारी किया है। कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।
आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की संभावना है, जिससे लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
बिहार में भी शीतलहर के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। कई जिलों में ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है और लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना
पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी घने कोहरे के कारण दिन में भी दृश्यता कम बनी हुई है। उत्तराखंड में 6 जनवरी को बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बर्फ पड़ने की संभावना है। कई इलाकों में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
दक्षिण भारत में बारिश का दौर
दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज अलग नजर आ रहा है। केरल में कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कर्नाटक में भी अगले दो दिन बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।



