New Year Weather Update: मुंबई में बेमौसम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, दिल्ली-उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर

नई दिल्ली: नए साल 2026 की शुरुआत देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग मौसम के मिजाज के साथ हुई है। जहां मुंबई में बेमौसम बारिश ने न्यू ईयर को खुशनुमा बना दिया, वहीं दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड और शीत लहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि राहत की बात यह रही कि दिल्ली में आज सुबह धुंध अपेक्षाकृत कम रही और विजिबिलिटी बीते दिनों के मुकाबले बेहतर दर्ज की गई।

मुंबई में बारिश से नए साल का खास स्वागत

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 1 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की फुहारें पड़ीं। इस बेमौसम बारिश ने नए साल के जश्न में ठंडक और ताजगी घोल दी। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से शहरवासियों को उमस से राहत मिली और दिनभर का मौसम सुहावना बना रहा।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बदला मौसम का मिजाज

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले दो दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।

इन राज्यों में जारी रहेगा ठंड का प्रकोप

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ओडिशा, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में 5 जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 जनवरी और पश्चिमी राजस्थान में 3 जनवरी तक कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
इसके अलावा, 1 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। बिहार में भी 1 जनवरी 2026 को कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।

कोहरे को लेकर IMD का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा, दिल्ली, असम, मेघालय, बिहार, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी यूपी में आने वाले दिनों में घना कोहरा छाने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button