महाराष्ट्र कांग्रेस से भी आई भीतरी कलह की सुगबुगाहट, पार्टी प्रवक्ता ने जताई नाराजगी

पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र कांग्रेस में भी कलह की नींव पड़ती नजर आ रही है। दरअसल, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से की गई नई नियुक्ति पर नाराजगी जताई है। सचिन सावंत ने कांग्रेस हाईकमान को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा भी भेज दिया है।

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता ने हाईकमान को लिखा पत्र

मंगलवार को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने अतुल लोंढ़े को प्रदेश कांग्रेस का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त कर दिया। नाना पटोले ने सचिन सावंत का प्रवक्ता पद कायम रखा है लेकिन मुख्य प्रवक्ता पद पर नियुक्ति न होने से सचिन सावंत नाराज हो गए हैं। इसी वजह से उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जताई है। इसी पत्र के साथ उन्होंने अपना प्रवक्ता पद से इस्तीफा भी भेज दिया है। सचिन सावंत ने बताया कि जब उनके काम से सभी नाराज हैं तो वे खुद इस पद नहीं रहना चाहते।

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश: धर्म के नाम पर हिंसा फैलाने वालों पर चला हसीना का चाबुक, गृहमंत्री को दिए आदेश

जानकारी के अनुसार सचिन सावंत महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में पिछले 10 वर्षों से काम कर रहे हैं। अतुल लोंढ़े इससे पहले सचिन सावंत की देखरेख में बतौर सह-प्रवक्ता काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि अतुल लोंढ़े नाना पटोले के नजदीकी हैं, इसी वजह से उन्हें प्रदेश कांग्रेस का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button