
बलरामपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की खुली देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा लड़ाई आमने-सामने की होनी चाहिए, चेलों ने क्यों लड़ें? अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन करें, मैं भी वहीं से चुनाव मैदान में उतरूंगा।
बलरामपुर के रेहरा बाजार विकासखंड के बिलरिया गांव में 803 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, अयोध्या हमारी आस्था की स्थली है और वहां हो रहे विकास कार्यों की निगरानी के लिए मैं अक्सर वहां जाता हूं। अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए सीएम ने कहा कि, अब अयोध्या में चुनावी मुकाबला भी आमने-सामने हो जाए।
इसे भी पढ़ें-धान खरीद में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी योगी सरकार, 65 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय
मुख्यमंत्री योगी ने सपा अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, सपा के बबुआ तो अभी से ही बौखला गए हैं। अभी तो विकास की शुरुआत हुई है, आगे बहुत कुछ होना बाकी है। उन्होंने कहा कि, सपा सरकार में अयोध्या को मात्र तीन-चार घंटे बिजली मिलती थी, जिससे विकास कार्यों में बाधा आती थी।
आज वही अयोध्या रामराज्य के नए उदाहरण के रूप में त्रेतायुग की याद दिला रही है। उन्होंने दावा किया कि, आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी और एनडीए गठबंधन मिलकर 80 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज करेंगे और विपक्ष को मात्र 20 सीटों पर ही संतोष करना पड़ेगा।
छांगुर जैसे लोगों को नहीं पनपने देंगे
सीएम योगी ने, सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि, प्रदेश में छांगुर जैसे व्यक्ति को पनपने नहीं दिया जाएगा। किसी को डेमोग्राफी बदलने की छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि, पूर्व की सपा सरकार में यह क्षेत्र तस्करी और आपराधिक गतिविधियों का अड्डा बन गया था। अब यही क्षेत्र विकास की नई गाथा लिख रहा है।
अब है कानून का राज
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया और अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था। अपराधियों के हौसले बुलंद थे, आम जनता भयभीत रहती थी। अब प्रदेश में कानून का राज है। सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी माफिया को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी। बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल और जहन्नुम के अलावा कहीं और जगह नहीं मिलेगी।

उन्होंने कहा, सरकार ने आपदा में जनहानि होने पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है। मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि अथवा पशुहानि होने पर भी अगले 24 घंटे में मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। रोजगार पर बोलते हुए उन्होंने कहा, साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। आगे और युवाओं को सरकारों नौकरी दी जाएगी।
पीड़ीए पर कसा तंज
सपा पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, उनका पीडीए वास्तव में ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है और इसका दूसरा अर्थ भी है ‘प्रदेश डुबाऊ अलायंस’। समाजवादी पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव में किये गये प्रत्याशियों के चयन पर भी मुख्यमंत्री ने उंगली उठाई और कहा, सपा ने दलितों, पिछड़ों और अन्य वर्गों की उपेक्षा की। राज्यसभा के लिए दो प्रत्याशी उतारे उसमें भी एक सीट परिवार के सदस्य को दी गई, और दूसरी धनबल के आधार पर बांटी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के एजेंडे में परिवार के बाहर किसी के लिए स्थान नहीं है।
माँ पाटेश्वरी की पावन धरा जनपद बलरामपुर में ₹803 करोड़ से अधिक लागत की 78 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास हेतु आयोजित कार्यक्रम में…
https://t.co/Fr9Q23lzOl
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 10, 2026
बलरामपुर को नहीं पिछड़ने देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि, पिछले दस वर्षों में बलरामपुर के लिए दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की धनराशि भेजी गई है। यहां मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के सत्र का शुभारंभ हो चुका है। भवन तैयार हो जायेगा तो लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा। यहां अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज बन रहा है। रिंग रोड, चीनी मिल विस्तार, थारू संग्रहालय और मथुरा घाट पुल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, बलरामपुर को विकास के मामले में पिछड़ने नहीं दिया जाएगा।
प्रदर्शनी का अवलोकन किया
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम स्थल पर लगी विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और एक छात्रा के बनाए विज्ञान मॉडल की सराहना की। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत उन्होंने विकास यादव और मोहम्मद शादाब को लैपटॉप सौंपे। कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए किरण वर्मा और हिमांश यादव को चार-चार लाख रुपये की सहायता से जुड़ी चाबियां दी गईं। युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अजय कुमार पाल, हसन रजा और गुफरान अंसारी को पांच-पांच लाख रुपये के चेक मिले। किसना देवी और ननका देवी को आवास स्वीकृति पत्र दिए गए, जबकि आजीविका मिशन के तहत गुड़िया वर्मा और पिंकी को 45 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं उपलब्धियां
बलरामपुर विधायक पल्टूराम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने 2027 में सभी 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का दावा करते हुए लोगों से योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।
ये नेता रहे मौजूद
जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा और अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू तथा उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सविता गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें- किसानों से 2.85 लाख मीट्रिक टन मोटा अनाज खरीदेगी योगी सरकार, 455 क्रय केंद्र खुलेंगे



