
देहरादून। उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आये हरियाणा के युवाओं के एक दल ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा किए और राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा में हो रहे प्रयासों की सराहना की।
इसे भी पढ़ें- हरियाणा भ्रमण पर रवाना हुए उत्तराखंड के युवा, CM धामी बोले- संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों की दें जानकारी
पहाड़ी राज्य में हो रहा बेहरतीन काम
युवाओं ने कहा कि, तीन दिनों के भ्रमण में उन्हें उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों को करीब से देखने और सरकारी योजनाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में आ रहे बदलावों को समझने का मौका मिला। उनके अनुसार, अधिकांश भू-भाग पर्वतीय होने के बावजूद राज्य में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार में उल्लेखनीय काम हुआ है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार का काम भी तेजी से चल रहा है।

युवाओं ने राज्य के स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि, होम-स्टे के क्षेत्र में हो रहे कार्यों और सरकारी सहायता से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों को भी उन्होंने प्रभावी बताया।
तीर्थाटन-पर्यटन और सोलर रूफटॉप की तारीफ
युवाओं ने कहा, तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर साफ दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाओं की वजह से राज्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को भी उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया।
बोले- लोगों से अपनापन और सहयोग मिला
हरियाणा के युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड के शांत वातावरण और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार ने उन्हें खास तौर पर प्रभावित किया।

उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें वास्तविक रूप में अनुभव हुआ कि उत्तराखंड को देवभूमि क्यों कहा जाता है। भ्रमण के दौरान वे जहां भी गए, उन्हें लोगों से अपनापन और सहयोग मिला।
‘अतिथि देवो भवः’ हमारी परंपरा: धामी
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि “अतिथि देवो भवः” देवभूमि की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, अलग-अलग राज्यों में हो रहे नवाचारों और विकास की बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर देते हैं। इससे राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ता है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
सीएम धामी ने कहा कि, राज्य सरकार का प्रयास है कि, विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। अंत्योदय की भावना के अनुरूप गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के अन्य वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ ही सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ ही महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आप उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि तीन दिनों में उन्होंने उत्तराखंड में जो कुछ देखा, समझा और अनुभव किया है, उसे अपने मित्रों और सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि, युवा उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर भी हैं।धामी ने कहा कि राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कामों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवा अहम भूमिका निभा सकते हैं।
दोनों राज्यों के बीच बढ़े आदान-प्रदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच इस तरह का संवाद देश की विविधता को समझने के साथ-साथ एक-दूसरे से सीखने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उत्तराखंड से जुड़े अपने सकारात्मक अनुभव हरियाणा के युवाओं के साथ साझा करें और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में भागीदार बनें।
इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड में विकास को लगे पंख, सीएम धामी ने खोला खजाना, 6 करोड़ की दी मंजूरी



