\n\n\n\n\n \n

यमुना सिटी में बनेगा भव्य प्रवेश द्वार, इस सेक्टर में तैयार होगा 500 मीटर लंबा पार्क

ग्रेटर नोएडा। आने वाले कुछ समय बाद जब आप यमुना सिटी में प्रवेश करेंगे, तो शहर की एक अलग और भव्य पहचान नजर आएगी। दरअसल,  नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यीडा) यहां एक शानदार प्रवेश द्वार बनाने की प्लानिंग कर रहा है। यह पहल न सिर्फ शहर की छवि को निखरेगी, बल्कि आने वाले समय में यमुना सिटी अंतरराष्ट्रीय स्तर के शहर जैसा स्वरूप देने की दिशा में भी अहम कदम होगा।

इसे भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा को मिलेगा पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो, 15 दिन में लगेंगे 12 नए EV चार्जिंग स्टेशन

60 मीटर चौड़ी सड़क पर बनेगा गेट

प्राधिकरण की योजना के मुताबिक, यह भव्य प्रवेश द्वार साठ मीटर चौड़ी सड़क पर सात किलोमीटर के माइल स्टोन के पास और गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के नजदीक बनाया जाएगा। यह स्थान इसलिए चुना गया है, क्योंकि यह यमुना सिटी में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्गों में से एक है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग शहर में दाखिल होते हैं। प्रवेश द्वार को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए इसमें फव्वारे लगाए जाएंगे, आसपास आकर्षक लैंडस्केपिंग की जाएगी और हरियाली विकसित की जाएगी, ताकि शहर में प्रवेश करते ही लोगों को एक सुखद और प्रभावशाली अनुभव मिल सके।

Entrance gate to be built in Yamuna City

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि, इस प्रवेश द्वार का डिजाइन पूरी तरह आधुनिक शहर की थीम पर आधारित होगा। इसके आसपास परगोला यानी छायादार संरचनाएं भी बनाई जाएंगी, जो न सिर्फ सौंदर्यीकरण में मददगार होंगी बल्कि आने-जाने वालों को छांव भी देगी। लोग इसके नीचे आराम भी कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रवेश द्वार ऐसा बनाया जाएगा कि, यहां से गुजरते ही लोगों को यमुना सिटी की अलग और विशिष्ट पहचान का एहसास हो जाए।

एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और औद्योगिक परियोजनाओं से बढ़ेगी रौनक

यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि, आने वाले समय में यमुना सिटी क्षेत्र में गतिविधियां तेजी से बढ़ने वाली हैं। इसकी मुख्य वजह यहां प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी परियोजना, मेडिकल डिवाइस पार्क और विभिन्न बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट हैं, जिन पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यमुना सिटी में देश-विदेश से निवेशकों, उद्यमियों और पर्यटकों का आना-जाना काफी बढ़ जाएगा।

इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने शहर के प्रवेश मार्ग को भी भव्य और आकर्षक बनाने की योजना तैयार की है, ताकि शहर की पहली झलक ही यहां आने वाले लोगों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़े। अधिकारियों का मानना है कि, जिस तरह किसी भी बड़े और विकसित शहर की पहचान उसके प्रवेश द्वार से भी झलकती है, उसी तर्ज पर यमुना सिटी को भी एक अलग पहचान देने की कोशिश की जा रही है।

सेक्टर-28 में बनेगा 5 सौ मीटर लंबा पार्क

इसी कड़ी में यमुना प्राधिकरण ने एक और महत्वपूर्ण योजना पर काम शुरू किया है। प्राधिकरण ने सेक्टर-28 के पास यमुना एक्सप्रेसवे की सौ मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पांच सौ मीटर लंबा पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। यह पार्क गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने पहले से बनाए जा रहे पार्क की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में हरियाली और सार्वजनिक सुविधाओं का दायरा और बढ़ेगा।

Entrance gate to be built in Yamuna City

प्राधिकरण के मुताबिक, इस परियोजना के लिए अगले सप्ताह रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल यानी आरएफपी जारी किया जाएगा, जिसके जरिए इच्छुक कंपनियों और एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि जो ग्रीन बेल्ट यमुना एक्सप्रेसवे और साठ मीटर चौड़ी सड़क के बीच स्थित है, उसका अब तक समुचित विकास नहीं हो पाया है। इस खाली पड़ी जमीन को नया स्वरूप देने और इसे एक उपयोगी सार्वजनिक स्थल में बदलने के लिए प्राधिकरण ने यह विस्तृत योजना तैयार की है।

35 किमी मार्ग पर होगा सौंदर्यीकरण

यमुना प्राधिकरण की योजना केवल एक छोटे हिस्से तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका दायरा काफी बड़ा है। बताया जा रहा है कि करीब पैंतीस किलोमीटर लंबे मार्ग पर विशेष प्रजातियों के आकर्षक पौधे लगाए जाएंगे, साथ ही पूरे रास्ते में व्यापक स्तर पर लैंडस्केपिंग का काम किया जाएगा। इस दौरान रास्ते में आकर्षक वॉटर बॉडी यानी जल संरचनाएं भी विकसित की जाएंगी, जो इस पूरे क्षेत्र की खूबसूरती में इजाफा करेंगी।

Entrance gate to be built in Yamuna City

इसके अलावा प्राधिकरण की योजना में देश के प्रमुख पारंपरिक और धार्मिक स्थलों के लघु प्रतिरूप यानी छोटे मॉडल भी इस मार्ग पर विकसित करने का प्रस्ताव शामिल है। इससे न सिर्फ इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विविधता झलकेगी, बल्कि यह स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

चौराहों पर रोशनी और खानपान की सुविधा भी

प्राधिकरण की योजना के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने का भी प्रस्ताव है, जिससे रात के समय भी यमुना सिटी का नजारा आकर्षक और जीवंत दिखे। इसके साथ ही इस पूरे मार्ग पर लोगों की सुविधा के लिए खानपान से जुड़ी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यहां से गुजरने वाले या घूमने आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

विकास की दिशा में बड़ा कदम

विशेषज्ञों और स्थानीय निवासियों का मानना है कि यमुना प्राधिकरण की यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम साबित हो सकती है। एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और औद्योगिक परियोजनाओं के आने से यमुना सिटी में जिस तरह से गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है, उसे देखते हुए यहां की बुनियादी संरचना और सौंदर्यीकरण पर ध्यान देना जरूरी माना जा रहा है।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले महीनों में इन दोनों परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा और जल्द ही इसके ठोस नतीजे धरातल पर दिखने लगेंगे। यमुना सिटी को एक आधुनिक, हराभरा और आकर्षक शहर बनाने की दिशा में प्राधिकरण की यह कोशिश आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

 

इसे भी पढ़ें-  जल संकट ने बढ़ाई ग्रेटर नोएडा के लोगों की दिक्कत, बूंद-बूंद के लिए तरस रहे सुपरटेक ईको विलेज 3 के निवासी

Related Articles

Back to top button