
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यानी 15 अगस्त को विधानसभा के सामने आयोजित होने वाले मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर राजधानी लखनऊ अलर्ट मोड पर है। यहां सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद किया जा रहा है। लखनऊ पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं।
बुधवार को मध्य जोन के अंतर्गत आने वाले हजरतगंज इलाके में एक विशेष और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें भारी पुलिस बल के साथ-साथ डॉग स्क्वायड की टीम ने भी हिस्सा लिया और क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की।इसके साथ ही जिलाधिकारी विशाखजी और मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा ने भी विधान भवन पहुंचकर स्वयं कार्यक्रम की तैयारियों और परेड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि मुख्य समारोह के दिन किसी भी प्रकार की चूक न हो।
इसे भी पढ़ें- लखनऊ में यातायात होगा आसान, बैकुंठ धाम ब्रिज के साथ बनेगी 5 करोड़ की नेचर ट्रेल भी
चला सघन चेकिंग अभियान
हजरतगंज इलाके में चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान का नेतृत्व एसीपी मध्य जितेंद्र कुमार दुबे ने किया। उनके साथ एसीपी हजरतगंज और स्थानीय थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हजरतगंज चौराहे से लेकर जनपथ मार्केट तक पैदल गश्त करते हुए पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान आसपास स्थित दुकानों, प्रमुख शोरूम, फुटपाथों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की भी गहन जांच की गई। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को इलाके में सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कड़ी नजर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कूड़ेदान तक की हुई तलाशी
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के लिए इस चेकिंग अभियान में डॉग स्क्वायड की टीम को भी शामिल किया गया था। डॉग स्क्वायड ने हजरतगंज क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बेहद बारीकी से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने संदिग्ध अवस्था में खड़ी साइकिलों और मोटरसाइकिलों पर रखे गए बैगों की भी जांच की।
@LkoCp के निर्देशन में @dcpcentrallko के नेतृत्व में #Adcp_मध्य,#ACP_हजरतगंज द्वारा सुरक्षा-व्यवस्था हेतु।थाना हजरतगंज पुलिस टीम व डॉग स्क्वॉड के साथ मॉल/पार्किंग/मार्केट/मार्गों/चौराहों/मेट्रो स्टेशन पर #पैदल_गश्त/सघन चैकिंग कर रखी जा रही सतर्क दृष्टि।#Lucknow_Police@Uppolice pic.twitter.com/M2EcTipT0f
— DCP Central Lucknow (@dcpcentrallko) August 12, 2026
साथ ही टीम ने इलाके में मौजूद कूड़ेदानों और लावारिस हालत में पड़े सामान को भी चेक किया, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री का पहले ही पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। यही वजह है कि, किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि को समय रहते पहचानने और रोकने के उद्देश्य से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
डीएम ने खुद संभाली कमान
मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विशाखजी स्वयं विधान भवन पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधान भवन के बाहर आयोजित होने वाली परेड, कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन इस बात को सुनिश्चित करने में जुटा है कि, मुख्य कार्यक्रम के दिन किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए, इसके लिए तैयारियों को लगातार अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा के ठीक सामने राज्य स्तरीय मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हर बार की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तिरंगा फहराएंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए ही हजरतगंज और विधान भवन के आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को कई गुना अधिक मजबूत किया गया है।

कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के इलाकों में बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ डॉग स्क्वायड की टीमें भी लगातार जांच में जुटी हुई हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस की ओर से क्षेत्र में मौजूद स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों से भी संपर्क कर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की पहले ही पहचान की जा सके।
हर संवेदनशील इलाके पर नजर
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी लखनऊ के सभी प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी को खासतौर पर बढ़ा दिया गया है। बुधवार को हजरतगंज इलाके में चलाया गया यह विशेष चेकिंग अभियान भी इसी व्यापक सुरक्षा रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस और जिला प्रशासन दोनों का पूरा फोकस इस बात पर केंद्रित है कि 15 अगस्त के मुख्य कार्यक्रम के दौरान न सिर्फ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाए, बल्कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी शहर के संवेदनशील इलाकों में इसी तरह सुरक्षा जांच और गश्त का सिलसिला जारी रहेगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस का यह राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा सके।
प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे इन तमाम सुरक्षा कदमों से यह साफ जाहिर होता है कि, लखनऊ पुलिस और जिला प्रशासन इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने के मूड में नहीं है।
इसे भी पढ़ें- लखनऊ में बनेगा कमल की पंखुड़ियों वाला विधानभवन, इस फेमस जमीन पर रखी जाएगी नींव



