
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बार फिर ऑनर किलिंग का बेहद दर्दनाक और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बीते कुछ दिनों में दूसरा ऐसा मामला है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ये घटना जिले के बासौनी इलाके की है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी को बड़ी ही निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि, आरोपी पिता ने बेटी को चबंल नदी में डुबाकर उसकी जान ले ली।
इसे भी पढ़ें- दहेज हत्या पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी,’बेटी की शिकायत को हल्के में न लें’
महज 18 साल की थी मृतका
चौंकाने वाली बात यह है कि, मृतका की उम्र महज 18 वर्ष थी और वह गर्भवती भी थी, उसकी पहचान खुशी के रूप में हुई है। इस मामले में एक और हैरान करने वाला पहलू सामने आया है और वह है हत्या के दौरान आरोपी पिता ने खुद इसका वीडियो भी बनवाया।

इससे पहले हाल ही में ऑनर किलिंग का एक और मामला सामने आया था। इस केस में जैतपुर इलाके में लव मैरिज करने वाली 22 वर्षीय एक युवती की भी हत्या उसके ही परिजनों ने कर दी थी। जिससे यह स्पष्ट होता है कि, जिले में ऑनर किलिंग जैसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
पिता ने ही दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि, बेटी की हत्या करने के बाद आरोपी पिता बिना किसी डर के दिल्ली लौट गया और वहां जाकर उसने बेटी के गुम होने की शिकायत भी दर्ज करा दी। जाहिर तौर पर वह पुलिस और परिवार को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
हालांकि, जब दिल्ली पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, तो धीरे-धीरे पूरा मामला अलग ही दिशा में मुड़ गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पिता की भूमिका को लेकर गंभीर शक हुआ और पूछताछ में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया गया। मंगलवार को पुलिस आरोपी को लेकर बासौनी इलाके पहुंची, जहां जांच-पड़ताल का काम शुरू किया गया। इस दौरान आरोपी के साथ उसका एक रिश्तेदार भी मौजूद था। फिलहाल पुलिस चंबल नदी के आसपास के क्षेत्र में शव की गहनता से तलाश कर रही है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता का नाम लखपत सिंह है। वह मूल रूप से आगरा के बासौनी इलाके के लखनपुरा गांव के रहने वाले हैं, लेकिन बीते काफी समय से वह अपने परिवार के साथ दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लखपत सिंह ने अपनी बेटी को 29 जुलाई को दवा दिलाने के बहाने बासौनी इलाके में बुलाया था।
बेटी को पूरी तरह भरोसे में लेने के बाद आरोपी उसे चंबल नदी के किनारे ले गया, जहां उसने बेहद क्रूरता के साथ अपनी बेटी को नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, इस दौरान आरोपी ने घटना से जुड़ी तस्वीरें भी खींचीं और वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसे लेकर पुलिस अब गहनता से जांच कर रही है कि आखिर इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।
शक होने बाद पुलिस ने की पूछताछ
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता बिना किसी हिचकिचाहट के वापस दिल्ली लौट आया और वहां जाकर उसने बेटी के अचानक गायब हो जाने की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। शुरुआत में पुलिस ने इसे एक सामान्य गुमशुदगी का मामला मानते हुए जांच शुरू की, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस को कई ऐसी बातें नजर आईं जो आरोपी पिता की कहानी से मेल नहीं खा रही थीं।

इसी शक के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और सच्चाई सामने आ गई। मंगलवार को पुलिस टीम आरोपी को लेकर उसके पैतृक गांव लखनपुरा पहुंची, जहां गहन जांच-पड़ताल की गई। इसके साथ ही बासौनी थाना पुलिस की टीम ने चंबल नदी क्षेत्र में भी सघन तलाशी अभियान चलाया, जो अब भी लगातार जारी है।
बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज था परिवार
इस मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक, पूरा घटनाक्रम मूल रूप से दिल्ली से ही जुड़ा हुआ है। फिलहाल आरोपी पिता को पुलिस रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है, क्योंकि वह अपनी ही बेटी की हत्या का मुख्य आरोपी है। मृतका के शव की तलाश में स्थानीय पुलिस, दिल्ली पुलिस की भी पूरी सहायता ले रही है और लगातार खोजबीन जारी है।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि 18 वर्षीय खुशी के किसी युवक के साथ प्रेम संबंध थे। जैसे ही परिवार वालों को इस बारे में पता चला, घर में जबरदस्त कलह और बवाल की स्थिति पैदा हो गई। पारिवारिक इज्जत और तथाकथित सामाजिक मान-मर्यादा के नाम पर परिवार बेटी के इस रिश्ते से बेहद नाराज था। इसी नाराजगी और गुस्से में पिता ने बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा बुलाया और फिर उसे धोखे से चंबल नदी ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
इसे भी पढ़ें- सपा जिलाध्यक्ष की हत्या के प्रयास का आरोप, आरोपी बोला- मुझ पर ही हुआ हमला



