
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से ठीक पहले एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर ‘अबू मुस्तफा’ नाम के एक अकाउंट से पीएम मोदी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। यह मामला जुलाई 2026 के पहले सप्ताह में सामने आया, जब पीएम मोदी का 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया दौरा प्रस्तावित है। धमकी सामने आते ही ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें- मोदी कैबिनेट में जल्द बड़ा फेरबदल! मानसून सत्र से पहले कट सकता है कई मंत्रियों का पत्ता
कब आई धमकी
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में मेलबर्न मीट्स मोदी नाम से एक बड़ा सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह आयोजन ऑस्ट्रेलिया इंडिया फाउंडेशन (AIF) नामक संगठन द्वारा किया जा रहा है, जिसके फेसबुक पेज पर करीब 1,600 फॉलोअर्स हैं। इसी कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट पर कमेंट सेक्शन में यह धमकी भरा संदेश दिखा।

‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया कि अबू मुस्तफा नाम (अरबी लिपि में लिखा हुआ) के अकाउंट से यह टिप्पणी की गई कि स्टेडियम की छत कार्यक्रम के दौरान बंद रखना बेहतर होगा, वरना वह अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आ रहे हैं। यह संदेश अंग्रेजी में लिखा गया था और सीधे तौर पर पीएम मोदी की सुरक्षा को निशाना बनाता प्रतीत होता है।
गौरतलब है कि द वीक की रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि, पत्रिका इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी यानी यह जानकारी फिलहाल ऑस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट पर आधारित है और आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
आईपी एड्रेस ट्रेस कर रही पुलिस
धमकी सामने आते ही मामले को उसी दिन ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) के संज्ञान में लाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने इस फेसबुक कमेंट से जुड़े आईपी एड्रेस को ट्रेस कर लिया है और पुलिस यह जांच कर रही है कि, यह पोस्ट किस मंशा और परिस्थिति में डाली गई। हालांकि अभी तक AFP की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही किसी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। कहा जा रहा है कि, जांच अभी जारी है।
एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि, यह अकाउंट असली है या किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। ऑस्ट्रेलियाई कानून के तहत यह जांचा जा रहा है कि, क्या यह संदेश किसी आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है।
कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना के बाद भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी तालमेल बढ़ाते हुए मेलबर्न कार्यक्रम की सुरक्षा को बेहद कड़ा कर दिया है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को मिलने वाली धमकियों को ऑस्ट्रेलिया में बेहद गंभीरता से लिया जाता है। आमतौर पर ऐसे मामलों में ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस बल और विशेष सुरक्षा इकाइयां मिलकर समन्वित सुरक्षा व्यवस्था तैयार करती हैं।
फिलहाल के लिए, ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों की ओर से यह कोई संकेत नहीं मिला है कि पीएम मोदी का तय कार्यक्रम इस धमकी की वजह से बदला जाएगा। दौरा अभी भी अपने निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक ही होने की उम्मीद है।
ये दौरे की पूरी रूपरेखा
पीएम मोदी का यह ऑस्ट्रेलिया दौरा तीन देशों की यात्रा का हिस्सा बताया जा रहा है। इस दौरान वे ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वे शीर्ष ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे और मशहूर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा भी कर सकते हैं।

मेलबर्न मीट्स मोदी कार्यक्रम इस दौरे की एक अहम कड़ी है, जिसमें भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया में करीब दस लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो वहां की सबसे बड़ी प्रवासी आबादी में शुमार हैं। साल 2023 में हुए अपने पिछले सिडनी दौरे के दौरान भी पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के हजारों लोगों को संबोधित किया था, जिसमें तत्कालीन ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज़ भी मौजूद थे।
भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों पर असर नहीं
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा, व्यापार, तकनीक और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि, यह धमकी भरी घटना दोनों देशों के बीच बढ़ते रिश्तों पर कोई असर नहीं डालेगी, बल्कि इससे सुरक्षा सहयोग को और मजबूती मिलने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी के बाद अमित शाह ने भी की राष्ट्रपति से मुलाकात, कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज



