
गौ घाट पर हुआ योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान और युवा सम्मान समारोह
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पेड़
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश एवं जिला गंगा समिति, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में गौ घाट, गोमती नदी तट पर योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान तथा युवा सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का लक्ष्य योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ ही नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में चेतना जागृत करना था।
इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने ‘रन फॉर योगा’ में लिया हिस्सा, योग को बताया स्वस्थ जीवन का आधार
स्वयंसेवकों की भागीदारी
यह आयोजन जोगिंदर सिंह, आईएएस, परियोजना निदेशक, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश तथा सितांशु पाण्डेय, आईएफएस, प्रभागीय वनाधिकारी, अवध वन प्रभाग, लखनऊ के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं गोमती संरक्षण से जुड़े स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत गोमती तट पर विविध प्रजातियों के पौधों के रोपण से हुआ। अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण और लगाए गए पौधों की देखरेख का दृढ़ संकल्प लिया। इस मौके पर वक्ताओं नेकहा कि वृक्ष और नदियां मानव जीवन की आधारशिला हैं और इनकी रक्षा किए बिना हम विकास की राह पर अग्रसर नहीं हो सकते।
योग एवं पर्यावरण संरक्षण को बनाओ जन-आंदोलन
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सौरभ वाल्मीकि, नगर उपाध्यक्ष, भाजपा एवं रामअवतार कनौजिया, पूर्व महामंत्री, भाजपा मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में दयाशंकर पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष, प्रमोद सिंह, मंडल प्रभारी तथा ऋतेश कनौजिया, मंडल उपाध्यक्ष सम्मिलित हुए।

सभी अतिथियों ने योग एवं पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया और गोमती संरक्षण के चल रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सामूहिक योगाभ्यास हुआ
इसके पश्चात् निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ, जिसमें प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग फॉर हेल्दी एजिंग की थीम के अनुरूप प्रतिभागियों को योग को अपनी दिनचर्या में अपनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण युवा गोमती मित्र सम्मान रहा, जिसके अंतर्गत नदी संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा एवं सामुदायिक जागरूकता में सराहनीय कार्य करने वाले शिवम त्रिपाठी, परेश पाण्डेय, दीपक, उत्कर्ष सिंह चौहान एवं सौम्या सिंह को सम्मानित किया गया। इन युवाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में समाज को निरंतर प्रेरित करते रहने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
कार्यक्रम में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन से सोनालिका सिंह, मिथलेश मिश्रा, शैव्या सिंह एवं प्रिया अग्रवाल तथा जिला गंगा समिति से शिवांग वर्मा, जिला परियोजना अधिकारी सहित अनेक पर्यावरणविद, शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रकाश बाल विद्या मंदिर एवं बाल निकुंज इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

समापन सत्र में गंगा एवं भारतीय संस्कृति के संबंधों पर गंगा कथा का सुंदर आयोजन हुआ, जिसमें जल संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति हमारे दायित्वों पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को गंगा संरक्षण शपथ दिलाई गई, जिसमें स्वच्छता, प्रदूषण मुक्त नदियों एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने राज्य स्वच्छ गंगा मिशन एवं जिला गंगा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें- होर्मुज खुलने से मुरादाबाद के हस्तशिल्प उद्योग में आई रौनक, निर्यात होगा 250 करोड़ का माल



