
बॉलीवुड के सावरिया रणबीर कपूर इन दिनों न केवल अपनी मेगा-बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं, बल्कि असल जिंदगी में भी उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम की नगरी अयोध्या से एक गहरा नाता जोड़ लिया है। रणबीर कपूर ने अयोध्या में एक बड़ा निवेश करते हुए करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी है। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के नक्शे कदम पर चलते हुए रणबीर अब अयोध्या के सबसे प्रीमियम प्रोजेक्ट का हिस्सा बन गए हैं।
इसे भी पढ़ें- ‘रामायणम्’ के लिए रणबीर कपूर का ट्रांसफॉर्मेशन, लीक हुआ एक्टर का पहला लुक
द सरयू में किया निवेश
यह निवेश महज एक रियल एस्टेट डील नहीं है, बल्कि इसे रणबीर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की एक बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने से ठीक पहले रणबीर का यह कदम उनके प्रशंसकों के बीच कौतूहल और खुशी का विषय बना हुआ है, क्योंकि अब कपूर खानदान का यह चिराग अयोध्या की पावन धरती पर अपना आशियाना बनाने की तैयारी में है।

रणबीर कपूर ने अयोध्या के सबसे चर्चित और लग्जरी प्रोजेक्ट द सरयू में निवेश किया है। यह प्रोजेक्ट द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा द्वारा विकसित किया जा रहा है, जो अपनी प्रीमियम सुविधाओं के लिए जाना जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर ने इस प्रोजेक्ट में करीब 3.31 करोड़ रुपये की लागत से 2,134 वर्ग फुट का एक प्लॉट खरीदा है।
यह पूरा प्रोजेक्ट सरयू नदी के किनारे 75 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां आधुनिक जीवनशैली और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस जगह की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां द लीला समूह द्वारा पांच एकड़ में एक भव्य और शुद्ध शाकाहारी होटल का निर्माण किया जा रहा है, जो इस स्थान की पवित्रता और विलासिता को और बढ़ाएगा। रणबीर का यह प्लॉट उसी प्राइम लोकेशन का हिस्सा है, जहां भविष्य में बॉलीवुड और कॉर्पोरेट जगत की कई बड़ी हस्तियां नजर आएंगी।
रणबीर बोले-दैवीय बुलावा है
अपने इस बड़े फैसले पर रणबीर कपूर ने बेहद भावुक और मर्यादित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस निवेश को केवल पैसे का लेन-देन नहीं बल्कि एक दैवीय बुलावा बताया है। रणबीर का कहना है कि, अयोध्या ने उन्हें खुद चुना है और उन्होंने केवल उस पुकार का सम्मान किया है। उनके अनुसार, अयोध्या शहर हमारी ऐतिहासिक जड़ों और सांस्कृतिक ताने-बाने का एक ऐसा अभिन्न हिस्सा है, जिससे जुड़ना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। रणबीर की यह बात उनके उस समर्पण को भी दर्शाती है जो वे ‘रामायण’ फिल्म के लिए पर्दे पर दिखाने जा रहे हैं।
अयोध्या के रियल एस्टेट बाजार में रणबीर कपूर का प्रवेश यह साफ करता है कि, राम मंदिर के निर्माण के बाद यह शहर दुनिया भर के निवेशकों और मशहूर हस्तियों के लिए हॉटस्पॉट बन चुका है। रणबीर से पहले अमिताभ बच्चन ने भी अयोध्या में भारी निवेश किया है। बिग बी ने मार्च 2026 में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से 2.67 एकड़ जमीन खरीदी थी।
अमिताभ बच्चन के पास इस प्रोजेक्ट के अलावा भी अयोध्या में अन्य संपत्तियां हैं, जिनमें उन्होंने 2024 और 2025 के दौरान निवेश किया था। रणबीर कपूर अब अमिताभ बच्चन के बाद अयोध्या में जमीन खरीदने वाले बॉलीवुड के दूसरे सबसे बड़े अभिनेता बन गए हैं। यह संयोग ही है कि फिल्म इंडस्ट्री के दो सबसे बड़े सितारे अब राम नगरी में पड़ोसी होने जा रहे हैं, जो अयोध्या के बढ़ते वैश्विक कद की गवाही देता है।
4000 हजार करोड़ का बजट
रणबीर कपूर का यह निवेश उनके करियर के सबसे महत्वपूर्ण मोड़ पर आया है। वे निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की अब तक की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है, जिसका अनुमानित बजट 4,000 करोड़ रुपये के करीब है।
फिल्म की स्टारकास्ट में रणबीर कपूर के साथ साउथ सुपरस्टार यश ‘रावण’ की भूमिका में, साई पल्लवी ‘सीता’, सनी देओल ‘हनुमान’ और रवि दुबे ‘लक्ष्मण’ के किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज से पहले रणबीर का अयोध्या में अपना घर बनाने का निर्णय उनके और फिल्म के प्रति दर्शकों के जुड़ाव को और मजबूत करेगा।
अयोध्या में बढ़ता यह निवेश केवल फिल्मी सितारों तक सीमित नहीं है। राम मंदिर के उद्घाटन के बाद से ही यहां की जमीन की कीमतों में रॉकेट जैसी तेजी देखी गई है। सरयू नदी के तट पर विकसित हो रहे इन लग्जरी प्रोजेक्ट्स ने अयोध्या को एक ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर दिया है।
तेज होगा आयोध्या का विकास
जानकारों का मानना है कि, रणबीर और अमिताभ जैसे सितारों के यहां आने से न केवल अयोध्या का आर्थिक विकास तेज होगा, बल्कि पर्यटन और रियल एस्टेट सेक्टर में भी नए कीर्तिमान स्थापित होंगे। रणबीर कपूर का यह कदम उनके व्यक्तिगत जीवन का एक नया अध्याय है, जो उन्हें भारत के सबसे पवित्र शहरों में से एक के साथ हमेशा के लिए जोड़ देता है। अब दर्शकों को न केवल रणबीर की ‘रामायण’ का इंतजार है, बल्कि वे राम नगरी में उनके नए आशियाने की झलक पाने के लिए भी उत्साहित हैं।
इसे भी पढ़ें- फिल्म धूम 4 में धूम मचाने को तैयार है रणबीर कपूर



