PM मोदी करेंगे कल करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण, अभेद किले में तब्दील हुआ जेवर

ग्रेटर नोएडा। भारत के विमानन इतिहास में 28 मार्च 2026 का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट और देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने जा रहा है। इस भव्य समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को एयरपोर्ट के रनवे पर भारतीय वायु सेना के विमानों ने जब अपनी लैंडिंग और टेक-ऑफ का पूर्वाभ्यास किया, तो पूरा इलाका विमानों की गर्जना से गूंज उठा।

इसे भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट का रनवे तैयार, अब शून्य विजिबिलिटी में भी होगी सुरक्षित लैंडिंग

चप्पे-चप्पे पर नजर

jevar airport

यह केवल एक हवाई अड्डे का उद्घाटन नहीं है, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक कायाकल्प का द्वार है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे से लेकर एयरपोर्ट की बाउंड्री तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा है। अधिकारियों का दावा है कि यह एशिया का सबसे आधुनिक और सुविधा संपन्न एयरपोर्ट होगा, जो आने वाले समय में दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के दबाव को कम करेगा और रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा करेगा।

प्रधानमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है।

सुबह 11:30 बजे प्रधानमंत्री विशेष विमान से सीधे नोएडा एयरपोर्ट के रनवे पर उतरेंगे। इसके बाद वह विशाल टर्मिनल भवन का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

दोपहर 12:00 बजे निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री पास में ही तैयार किए गए विशाल पंडाल में पहुंचेंगे, जहां वह रिमोट का बटन दबाकर एयरपोर्ट का विधिवत लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है, जिसके लिए प्रशासन ने 10 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में जनसभा स्थल तैयार किया है।

जेवर इस समय मिनी सचिवालय बन गया है, प्रदेश के तमाम अधिकारियों और विधायकों ने यहां डेरा डाल रखा है। एयरपोर्ट साइट इस समय किसी मिनी सचिवालय में तब्दील हो गई है। जेवर से विधायक धीरेंद्र सिंह पिछले कई दिनों से यहीं डटे हुए हैं। वे न केवल निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठकें कर उन्हें इस उत्सव का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम, यीडा के सीईओ आरके सिंह और एयरपोर्ट के नोडल अफसर शैलेंद्र भाटिया रात-रात भर बैठकों का दौर चला रहे हैं। जिलाधिकारी ने देर रात कार्यक्रम स्थल का दौरा कर मंच की मजबूती, साउंड सिस्टम और वीवीआईपी दीर्घा का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शुक्रवार शाम को ग्रेटर नोएडा पहुंचकर तैयारियों की अंतिम समीक्षा कर सकते हैं।

सुरक्षा के कड़े नियम बने

काले कपड़े और तंबाकू पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। समारोह की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल काफी सख्त रखे गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। सुरक्षा कारणों से जनसभा स्थल पर काला गमछा, काली टोपी या काले कपड़े पहनकर आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

बीड़ी, सिगरेट, माचिस, लाइटर और किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों पर पूरी तरह रोक है।

कार्यक्रम स्थल के 5 किलोमीटर के दायरे में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है। बिना वैध पास या अनुमति के किसी भी वाहन को एयरपोर्ट की परिधि में प्रवेश नहीं मिलेगा।

 जारी हो चुकी है ट्रैफिक एडवाइजरी 

jevar airport

शनिवार को यदि आप नोएडा या ग्रेटर नोएडा के रास्तों पर निकलने वाले हैं, तो ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी का ध्यान जरूर रखें। एडीसीपी यातायात संतोष कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले लोग ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का उपयोग करेंगे। मथुरा-आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर कट से डायवर्ट किया जाएगा।

आम जनता के लिए P-04 से P-15 तक अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं। वीआईपी गाड़ियों के लिए इंटरचेंज के पास विशेष पार्किंग की व्यवस्था है।

किसी भी ट्रैफिक जाम या आपातकालीन स्थिति के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया है।

वायुसेना का सफल ट्रायल 

गुरुवार का दिन एयरपोर्ट के लिए तकनीकी रूप से काफी महत्वपूर्ण रहा। भारतीय वायु सेना के विमानों ने रनवे पर ‘टच-एंड-गो’ अभ्यास किया। यह ट्रायल प्रधानमंत्री के विशेष विमान (एयर इंडिया वन) की लैंडिंग को सुरक्षित सुनिश्चित करने के लिए किया गया था। रनवे की गुणवत्ता और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के तालमेल को विशेषज्ञों ने उत्कृष्ट पाया है।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल जेवर, बल्कि बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और पलवल जैसे शहरों के रियल एस्टेट और औद्योगिक क्षेत्र में भारी उछाल आने की उम्मीद है। एयरपोर्ट के पास ही फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और लॉजिस्टिक हब का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन इकोनॉमी’ बनाने की दिशा में सबसे बड़ा इंजन साबित होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन में इस एयरपोर्ट के दूसरे चरण के विस्तार और आगामी कनेक्टिविटी योजनाओं (जैसे पॉड टैक्सी और मेट्रो) पर भी बड़ी घोषणाएं होने की संभावना है।

 

इसे भी पढ़ें- $1 ट्रिलियन इकोनॉमी का ग्रोथ इंजन’ बनेगा जेवर एयरपोर्ट, यूपी की जीडीपी में होगी 1% की सीधी वृद्धि

Related Articles

Back to top button