उत्तराखंड सरकार ने पूरे किए 4 साल, सीएम धामी ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा-‘विश्व गुरु बनने की राह पर भारत’

हरिद्वार। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार के चार वर्ष पूरा  होने पर धर्म नगरी हरिद्वार में  शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया और सरकार की उपलब्धियां गिनाई गईं। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें-  लोक कलाकारों संग सीएम धामी ने मनाई होली, ढोलक-चिमटा बजाकर थिरके

पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ा रहे धामी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश में पीएम नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। उत्तराखंड आज तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अब वह दिन दूर नहीं जब भारत फिर विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान सीएम धामी ने राज्य की अर्थ व्यवस्था से लेकर यूसीसी तक की अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

CM DHAMI AMIT SHAH

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज सनातन संस्कृति का जयघोष संपूर्ण विश्व में गूंज रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि, 2014 से पहले दुनिया भारत को एक कमजोर राष्ट्र के रूप में देखती थी, लेकिन आज वैश्विक समीकरण बदल चुके हैं। आज दुनिया भर में भारत की अपनी एक साख है।

ब्रिटिशकालीन कानूनों का अंत

धामी ने विभिन्न वैश्विक सम्मेलनों और G-20 की सफल मेजबानी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने अपनी सामर्थ्य से पूरी दुनिया को परिचित कराया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत न केवल अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौट रहा है, बल्कि आधुनिकता और विकास के मानकों पर भी दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अमित शाह की उपस्थिति में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लागू करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया।

उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपने को पूरा करने के लिए यह एक अनिवार्य कदम था। वर्षों से नजरअंदाज किए गए हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार देना सरकार की पक्की इच्छाशक्ति का परिणाम है। इसके साथ ही, उन्होंने कानूनी सुधारों पर चर्चा करते हुए कहा कि अब देश से ब्रिटिशकालीन कानूनों का अंत हो रहा है। भारतीय न्याय संहिता जैसे नए कानूनों का निर्माण भारतीय मूल्यों के आधार पर किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य सजा देना नहीं, बल्कि न्याय सुनिश्चित करना है।

सीएम धामी ने पिछले चार वर्षों के आंकड़ों के जरिए राज्य की विकास यात्रा को जनता के सामने रखा। उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि नीति आयोग (भारत सरकार) के वर्ष 2023-24 के सूचकांक में सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की प्राप्ति में उत्तराखंड ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

 ये हैं आर्थिक प्रगति के आंकड़े

अर्थव्यवस्था में वृद्धि: पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

GSDP ग्रोथ: पिछले एक वर्ष में राज्य की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

प्रति व्यक्ति आय: राज्य के नागरिकों की प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जो राज्य की खुशहाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

 रोजगार के अवसर बढ़े

राज्य में उद्योगों और युवाओं के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि उत्तराखंड आज निवेश के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में उत्तराखंड को ‘अचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ की श्रेणी प्राप्त हुई है। वर्ष 2023 में आयोजित समिट के दौरान 3,56,000 करोड़ रुपए के निवेश समझौते (MoU) हुए थे। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, उनके मार्गदर्शन से मात्र एक वर्ष के भीतर 1,00,000 करोड़ रुपए के निवेश समझौतों को धरातल पर उतारने में सफलता मिली है। इससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा हुए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि, अमित शाह की प्रेरणा से उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने UCC को लागू किया। यह कानून राज्य की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और सभी नागरिकों को समान अधिकार देने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इसके माध्यम से राज्य के मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

पहली बार उत्तराखंड G-20 जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मेलन का साक्षी बना, जिससे राज्य की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखरी।

राष्ट्रीय खेल: राज्य में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिसमें उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर इतिहास रचा।

शीतकालीन यात्रा: पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साल भर यात्रा जारी रखने के उद्देश्य से पहली बार शीतकालीन चारधाम यात्रा की शुरुआत की गई।

 शाह ने की धामी की तारीफ़

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए सीएम धामी ने कहा कि आज देश में आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी विघटनकारी शक्तियों पर प्रभावी अंकुश लगा है, जिन क्षेत्रों में पहले भय और अशांति का माहौल था, आज वहां शांति और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। उत्तराखंड जैसे सीमावर्ती राज्य के लिए यह सुरक्षा ढांचा अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सीएम ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह की कुशल रणनीति और अद्वितीय संगठन कौशल का ही परिणाम था कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने मिथक तोड़ते हुए दोबारा भाजपा को सेवा का अवसर दिया। उन्होंने देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि सरकार आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए समर्पित रहेगी।

हरिद्वार का यह कार्यक्रम केवल चार वर्ष की उपलब्धियों का जश्न नहीं था, बल्कि भविष्य के स्वर्ण युग का रोडमैप भी था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आज आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक तीनों मोर्चों पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार देवभूमि के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने किया एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ, साहसिक पर्यटन का ग्लोबल हब बनेगी नयार वैली

Related Articles

Back to top button