
मुरादाबाद। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में जीरों टालरेंस की नीति अपना रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में हर रोज कहीं न कहीं आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। अपराधी बेखौफ होकर चोरी और हत्या जैसे वारदातों को करके निकल ले रहे हैं और पुलिस प्रशासन इस पर कंट्रोल नहीं कर पा रहा है। अब मुरादाबाद जिले में भी ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक टायर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी है।
इसे भी पढ़ें- महक हत्याकांड: पति ही निकला कातिल, सबूत मिटाने के लिए रजबहे में फेंके गहने
इलाके में दहशत

जानकारी के अनुसार, जनपद के कुंदरकी कस्बे में शुक्रवार की शाम पुलिस चौकी के ठीक सामने एक टायर कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक मोहम्मद अनीस (48) जिला पंचायत सदस्य महजबीं के चचेरे देवर थे। हत्या के चंद घंटों बाद आरोपी मोहम्मद फरमान उर्फ़ अरमान ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली और कहा, बदला ले लिया, तीन-चार गोलियां मारी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत है। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी।पुलिस आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, शुक्रवार शाम करीब सवा सात से साढ़े सात बजे के बीच कुंदरकी नगर में ताज महल बिल्डिंग के पास मदरसे में तरावीह की नमाज पढ़कर घर लौट रहे मोहम्मद अनीस पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उनकी मौत हो गई।
क्राइम सीन सील
लोगों का कहना है कि, अनीस घर के ठीक सामने पहुंचे ही थे कि, हमलावर ने पीछे से गोली चलाई। चार से पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें से तीन गोलियां अनीस की पीठ में लगीं और गंभीर रूप से घायल अनीस को परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पुलिस चौकी से महज दस-बारह कदम की दूरी पर है। ब्लॉक कार्यालय, बैंक शाखाएं और अन्य सरकारी इमारतें भी आसपास हैं। भरी भीड़ में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत क्राइम सीन को सील किया और फोरेंसिक टीम ने बिखरे खून, दो चप्पलें और अन्य साक्ष्य एकत्र किये।
हत्या के करीब एक-दो घंटे बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक खुद को मोहम्मद फरमान बता रहा है। वीडियो में वह पिस्टल दिखाते हुए कह रह है, मैंने अनीस पाशा को तीन-चार गोलियां मारी है। यह मेरी आपसी रंजिश थी।
फरमान ने आरोप लगाया कि, चुनावी विवाद में अनीस ने उसके पिता पर ट्रक चलाने के दौरान चोरी का इल्जाम लगाया, कमरे में बंद कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी। उसने कहा, मुझे और मेरे पिता को जान का खतरा था, इसलिए मैंने बदला लिया। मेरे परिवार या दोस्तों को परेशान न किया जाए। वीडियो में फरमान ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी दिखाया। पुलिस ने इस वीडियो की जांच शुरू कर दी है और इसे प्रमाणिक मानते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
बदले की भावना से हुई हत्या
मोहम्मद अनीस पाकबड़ा इलाके में टायर की दुकान चलाते थे। वे जिला पंचायत सदस्य महजबीं (वार्ड 23) के चचेरे देवर थे, जिनके पति हाजी रफी हैं। घटना चुनावी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। फरमान के पिता अनीस के रिश्तेदार का ट्रक चलाते हैं। फरमान का दावा है कि ताज महल बिल्डिंग पर चुनाव के दौरान अनीस ने उसके पिता पर चोरी का आरोप लगाया और मारपीट की। इससे खफा फरमान ने बदला लिया।

परिजनों ने बताया कि, अनीस तरावीह पढ़कर घर लौट रहे थे। उनके भाई, बेटा और अन्य रिश्तेदार कुछ दूरी पर चल रहे थे। फायरिंग होते ही वे दौड़ पड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंच गये और अनीस को तत्काल अस्पताल ले गये, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बंद मिले आसपास के कैमरे
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि, मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, लेकिन कई कैमरे बंद मिले हैं। पुलिस कुंदरकी, मैनाठेर और बिलारी थानों की टीमों के साथ जांच में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों से तहरीर ली जा रही है। इलाके में तनाव व्याप्त है, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। यह घटना रामजान के दौरान तरावीह के समय हुई, जिससे धार्मिक संवेदनशीलता भी जुड़ी है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
इस हत्याकांड से इलाके में दहशत फ़ैल गई है। वहीं, पुलिस चौकी के पास हुई इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठ रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- दिल्ली ट्रिपल मर्डर: तांत्रिक कमरुद्दीन के घर से मिले चौंकाने वाले सबूत, 8 हत्याओं का कबूलनामा!



