नई दिल्ली। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को भारत की चार दिवसीय यात्रा शुरू की। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में महत्वाकांक्षी द्विपक्षीय साझेदारी स्थापित करना है। कार्नी एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मुंबई पहुंचे, जहां वह शीर्ष भारतीय और कनाडाई कॉर्पाेरेट हस्तियों, वित्तीय विशेषज्ञों और नवोन्मेषकों के साथ बातचीत करेंगे। कार्नी ने सोशल मीडिया पर कहा, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।
हम व्यापारिक हस्तियों से मिलने और ऐसी साझेदारियां स्थापित करने के लिए अभी मुंबई पहुंचे हैं जो कनाडाई श्रमिकों और व्यवसायों के लिए नए अवसर खोलेंगी। कार्नी रविवार को नयी दिल्ली की यात्रा करेंगे और सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री सोमवार को भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भी भाग लेंगे। पिछले साल जून में प्रधानमंत्री मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कनाडा के कनानास्किस द्वीप समूह गए थे। शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और कार्नी ने संबंधों को फिर से मजबूत करने पर व्यापक वार्ता की थी।



